स्पोर्ट्स

FIFA WC: एशियाई शेर जापान ने किया कमाल, स्पेन के साथ राउंड ऑफ 16 में पहुंचे, चार बार की चैंपियन जर्मनी बाहर

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 2, 2022, 03:09 AM IST

FIFA World Cup 2022, Japan vs Spain, Germany vs Costa Rica: फीफा विश्व कप 2022 में गुरुवार रात फिर से रोमांच चरम पर देखने को मिला जब एशियाई धुरंधर जापान की टीम ने स्पेन को हराते हुए राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली। स्पेन भी दूसरे नंबर पर रहते हुए पहुंचा लेकिन जर्मनी और कॉस्टा रिका बाहर हो गए।

Image

जापान-स्पेन आगे बढ़े, जर्मनी बाहर (AP)

FIFA World Cup 2022: फीफा विश्व कप 2022 कतर में इस बार उलफेरों की बौछार देखने को मिल रही है। कभी कुछ, कभी कुछ। गुरुवार की रात भी ऐसी ही एक रोमांच भरी रात रही। इस रात ग्रुप-ई के दो अहम मुकाबले थे। जापान बनाम स्पेन और जर्मनी बनाम कोस्टा रिका। शुरुआत में तो स्पेन और जर्मनी के राउंड ऑफ 16 में आसानी से जाने के आसार थे लेकिन 90 मिनट बाद सब कुछ बदल गया।

जापान और स्पेन के बीच हुए मुकाबले में जापान पहले हाफ में एक गोल से पिछड़ रहा था लेकिन दूसरे हाफ में अचानक एक लहर आई और जापान ने दो सब्स्टिट्यूट खिलाड़ियों को मैदान पर उतारा। रित्सु डुआन ने आते ही 48वें मिनट में गोल करके बराबरी दिला दी। जबकि तीन मिनट बाद आओ तनाका ने भी गोल करके जापान को आगे कर दिया जिस बढ़त को जापान ने अंत तक बनाए रखा और देखते-देखते वो इस ग्रुप की शीर्ष टीम बन गई। जबकि स्पेन दूसरे नंबर पर आ गया।

उधर जर्मनी और कॉस्टा रिका के बीच खेले जा रहे मैच में शुरूआत में तो सर्ज ग्नेब्री ने 10वें मिनट में गोल करके जर्मनी को बढ़त दिला दी। उस समय उधर स्पेन 1-0 से आगे था, तो लगा कि स्पेन और जर्मनी इस ग्रुप से आगे जाएंगे लेकिन दूसरे हाफ में जापान ने स्पेन को चौंकाया तो इधर भी खलबली मच गई। और इसी बीच कॉस्टा रिका की तरफ से तेजेदा ने 58वें मिनट में गोल करके स्कोर बराबर कर दिया।

जर्मनी अब सन्न रह गया था क्योंकि गोल अंतर के हिसाब से वो तीसरे नंबर पर आ गए थे और मुश्किल में पड़ गए थे। तभी 70वें मिनट में एक आत्मघाती गोल के जरिए कॉस्टा रिका ने 2-1 की बढ़त बना ली। अब जर्मनी का गोल अंतर बहुत ज्यादा हो गया था। उन्हें स्पेन को हराने के लिए तमाम गोल करने थे। उन्होंने कोशिश भी की और काई हेवर्ट्ज ने अंतिम क्षणों में दो गोल किए जबकि फुलक्रुग ने एक गोल करते हुए जर्मनी को 4-2 से आगे कर दिया।

लेकिन ये नाकाफी साबित हुआ और इस ग्रुप से जापान और स्पेन अगल राउंड में प्रवेश कर गए जबकि जर्मनी और कॉस्टा रिका बाहर हो गए। जर्मनी पिछली बार भी ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ सका था। वैसे 2018 से पहले वे लगातार 16 विश्व कप में ग्रुप स्टेज से आगे जाने में सफल रहे थे।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article