स्पोर्ट्स

अब उरुग्वे से होगा भारतीय फुटबॉल टीम का मुकाबला, ब्राजील के खिलाफ मिले कड़े सबक का करना होगा उपयोग

India vs Uruguay Football Match: ब्राजील के खिलाफ मिली 0-4 से करारी हार के बाद अब भारतीय फुटबॉल टीम दो बार की विश्व चैंपियन उरुग्वे के खिलाफ मैच खेलने जा रही है। मंगलवार को होने वाले इस मैच में भारतीय टीम ब्राजील के खिलाफ मिली करारी हार से मिले सबक को उपयोग करके बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी।

Image

भारतीय फुटबॉल टीम (X/IndianFootball)

भारत मंगलवार को दो बार के विश्व चैंपियन उरुग्वे के खिलाफ होने वाले मैत्री फुटबॉल मैच में ब्राजील से 0-4 की करारी हार के सकारात्मक पक्षों पर ध्यान केंद्रित करके अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा। भारतीय टीम का बेंगलुरु में विश्व रैंकिंग में 44वें स्थान पर काबिज पनामा को 1-1 से ड्रॉ पर रोकने का उत्साह जल्द ही फीका पड़ गया, क्योंकि ब्राजील ने शनिवार को यहां साल्ट लेक स्टेडियम में उसे फुटबॉल का कड़ा सबक सिखाया। लेकिन भारत के मुख्य कोच खालिद जमील को विशेषकर पहले 25 मिनट में टीम के बेहतर तालमेल, रक्षात्मक और जवाबी हमले करने की तत्परता के रूप में कुछ सकारात्मक पहलू नजर आए। यहां तक कि ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने भी भारतीय टीम के इन पहलुओं पर बात की थी। भारत अब विश्व रैंकिंग में 20वें स्थान पर मौजूद उरुग्वे के खिलाफ इन सीख का इस्तेमाल करना चाहेगा।

भारत के लिए गोल करना भले ही आसान नहीं हो लेकिन अगर वह उरुग्वे को ड्रॉ पर रोक देता है तो यह विश्व रैंकिंग में 138वें स्थान पर काबिज भारतीय टीम के लिए जीत से कम नहीं होगा। इसके लिए भारत की निगाहें रयान विलियम्स पर टिकी होंगी, जिन्होंने पनामा के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ हुए मैच में गोल दागा था।

ऑस्ट्रेलिया में जन्में भारतीय मूल के खिलाड़ी विलियम्स ने बार-बार गेंद को डिफेंडरों के सामने ले जाकर मौका बनाने की कोशिश की है। विलियम्स, मनवीर सिंह और सहल अब्दुल समद के शानदार प्रदर्शन से भारत ने शुरू में ब्राजील पर दबाव बनाए रखा था। लालेंगमाविया राल्टे, अनवर अली और सहल की तिकड़ी ने यह भी दिखाया कि भारत दबाव में भी खेल सकता है।

भारत के ऑफसाइड के खिलाड़ियों ने ब्राजील के पेड्रो को कई मौकों पर परेशान किया, जबकि अभिषेक सिंह टेकहम और अनिरुद्ध थापा ने विनीसियस जूनियर को खुलकर नहीं खेलने दिया। गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। भारतीय रक्षापंक्ति को आगे बढ़ने और पीछे हटने के समय को लेकर बेहतर तालमेल बिठाना होगा, जबकि मिडफील्ड को फुल-बैक और सेंटर-बैक के बीच की जगहों पर ध्यान देना होगा।

जहां तक उरुग्वे का सवाल है तो विश्व कप 2026 से ग्रुप चरण से बाहर होने और कोच मार्सेलो बिएल्सा के जाने के बाद वे एक नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। विश्व कप में उरुग्वे एक भी जीत हासिल नहीं कर पाया था।

नए कोच डिएगो फोरलान ने जापान में 1-3 की हार के साथ अपने कार्यकाल की शुरुआत की, लेकिन उरुग्वे ने चार दिन बाद दक्षिण कोरिया में 4-1 की जीत के साथ जोरदार वापसी की। पिछले महीने चोटिल होने के कारण फेडेरिको वाल्वरडे अनुपस्थित हैं। उरुग्वे को इस प्रभावशाली मिडफील्डर की कमी खलेगी। इसके बावजूद उसकी टीम मजबूत है और वह जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी।

सऊदी लीग में खेलने वाले डार्विन नुनेज की गति और फुर्ती अनवर अली और आकाश मिश्रा जैसे खिलाड़ियों के लिए कड़ी चुनौती पेश करेगी।

उरुग्वे की रक्षापंक्ति की कमान लिवरपूल के सेंटर-बैक रोनाल्ड अरौजो संभालेंगे। लुकास टोरेरा मिडफील्डर के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

टीमें इस प्रकार हैं

भारत

गोलकीपर: अल्बिनो गोम्स, गुरप्रीत सिंह संधू, प्रभसुखन सिंह गिल, सोम कुमार।

डिफेंडर: अभिषेक सिंह टेकचाम, आकाश मिश्रा, अनवर अली, बिजॉय वर्गीस, हिंगथनमाविया राल्टे, जय गुप्ता, प्रमवीर, रिकी मीतेई हाओबम।

मिडफील्डर: अनिरुद्ध थापा, आशिक कुरुनियान, फारुख चौधरी, लालेंगमाविया राल्टे, मैकार्टन निकसन, मोहम्मद सनन, रिकी शाबोंग, सहल अब्दुल समद।

फॉरवर्ड: एडमंड लालरिंदिका, इरफान यदवाड, मनवीर सिंह, रहीम अली, रयान विलियम्स, विक्रम प्रताप सिंह।

उरुग्वे

गोलकीपर: सैंटियागो मेले, क्रिस्टोफर फ़िएरमारिन, इग्नासियो डी अरुबारेना, सेबेस्टियन जाउम, थियागो कार्डोज़ो।

डिफेंडर: केविन अमारो, जोस लुइस रोड्रिग्ज, गुइलेर्मो वेरेला, नाहितन नंदेज़, सैंटियागो मोरिनो, निकोलस मारीचल, रोनाल्ड अराउजो, अलेक्जेंडर बारबोज़ा, जोस मारिया जिमेनेज, जुआन रोड्रिग्ज, सेबेस्टियन बोसेली, सैंटियागो ब्यूनो, सेबेस्टियन कैसरेस, माथियास ओलिवेरा, जोक्विन पिक्वेरेज़, लुकास ओलाज़ा, मार्सेलो साराची, जुआन मैनुअल सनाब्रिया।

मिडफील्डर: एमिलियानो मार्टिनेज, लुकास टोरेइरा, रोड्रिगो बेंटनकुर, फेसुंडो बर्नाल, सैंटियागो होमेनचेंको, अगस्टिन कैनोबियो, मटियास अबाल्डो, फेसुंडो पेलिस्ट्री, लुसियानो रोड्रिगेज, मैक्सिमिलियानो अराउजो, लुकास विलाल्बा, ब्रायन रोड्रिगेज, रोड्रिगो ज़लाज़ार, डिएगो रॉसी, जियोर्जियन डी अर्रास्काएटा।

फॉरवर्ड: मार्टिन सैट्रिआनो, अगस्टिन ए मार्टिनेज, रोड्रिगो एगुइरे, फेडेरिको विनास, मिगुएल मेरेंटिएल, डार्विन नुनेज़, अल्वारो रोड्रिग्ज।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article