स्पोर्ट्स

भारतीय फुटबॉल टीम के नए कोच खालिद जमील ने कहा, टीम के दरवाजे सुनील छेत्री के लिए हमेशा हैं खुले

भारत के नवनियुक्त मुख्य कोच खालिद जमील ने कहा है कि सुनील छेत्री के लिए टीम इंडिया के दरवाजे हमेशा खुले हैं। उन्होंने यह भी साफ कर दिया है कि छेत्री को आगामी सीएएफए नेशंस कप के लिए 35 संभावित खिलाड़ियों की सूची से क्यों बाहर रखा गया है।

Image

भारतीय फुटबॉल टीम के शिविर में हेड कोच खालिद जमील (फोटो क्रेडिट @IndianFootball X)

बेंगलुरू: भारत के नवनियुक्त मुख्य कोच खालिद जमील ने रविवार को करिश्माई स्ट्राइकर सुनील छेत्री के सीएएफए नेशंस कप राष्ट्रीय शिविर से बाहर पर कहा कि यह अक्टूबर में होने वाले एशियाई कप क्वालीफाइंग दौर के अहम मैचों के लिए महज तैयारी टूर्नामेंट है। इस महीने की शुरुआत में मनोलो मार्केज की जगह भारत के मुख्य कोच बने जमील ने शुक्रवार को ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान में होने वाले आगामी सीएएफए नेशंस कप के लिए 35 संभावित खिलाड़ियों की सूची जारी की जिसमें छेत्री का नाम शामिल नहीं है।

एशियाई कप के क्वालीफाइंग दौर में होगी छेत्री की टीम में वापसी

जमील ने ज्यादा कुछ नहीं कहा, लेकिन यह स्पष्ट कर दिया कि छेत्री के नौ अक्टूबर (विदेश में) और 14 अक्टूबर (घरेलू) को सिंगापुर के खिलाफ एशियाई कप क्वालीफाइंग दौर के मैचों के लिए राष्ट्रीय टीम में शामिल होने की उम्मीद है। जमील ने राष्ट्रीय शिविर के दूसरे दिन कहा,'वह (छेत्री) इस शिविर में नहीं हैं क्योंकि हम एक टूर्नामेंट खेल रहे हैं जो अनिवार्य रूप से हमारे एशियाई कप क्वालीफायर की तैयारी का काम करेगा। मैं इस फीफा विंडो के दौरान कुछ अन्य खिलाड़ियों को भी आजमाना चाहता हूं। मैंने उनसे इस बारे में बात की थी। टीम में उनके जैसे खिलाड़ी का होना हमेशा खुशी की बात होती है और उनके लिए दरवाजे हमेशा खुले हैं।'

भारतीय फुटबॉल के लिए आदर्श हैं छेत्री

जमील ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) की एक विज्ञप्ति में कहा,'सुनील भारतीय फुटबॉल के दिग्गज हैं। मैं उनके खिलाफ खेला हूं, मैंने उन्हें कई मौकों पर खेलते देखा है और वह मेरे पसंदीदा खिलाड़ियों में से एक हैं। वह भारतीय फुटबॉल के लिए एक आदर्श हैं।'

सीएएफए नेशंस कप होगा बतौर भारतीय कोच पहला टूर्नामेंट

राष्ट्रीय शिविर शनिवार को शुरू हुआ जिसमें 22 खिलाड़ी ट्रेनिंग कर रहे हैं जबकि बचे हुए 13 अन्य डूरंड कप के लिए क्लबों को अपनी सेवाएं दे रहे हैं और जल्द ही शिविर से जुड़ेंगे। सीएएफए नेशंस कप 48 वर्षीय जमील का पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा और उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट उनकी टीम के लिए बेहतरीन प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ खेलने का एक अच्छा मौका होगा। जमील ने कहा,'यह नेशंस कप में भारत की पहली भागीदारी होगी और यह हमारे लिए ताजिकिस्तान और ईरान जैसे मजबूत और बेहतरीन प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ खेलने का एक अच्छा अवसर होगा। यह निश्चित रूप से एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर की तैयारी के लिए हमारे लिए फायदेमंद होगा।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article