स्पोर्ट्स

Women's Hockey Nations Cup: भारतीय महिला हॉकी टीम ने नेशंस कप में उरुग्वे को हराया, जीत की हैट्रिक के बाद सेमीफाइनल में एंट्री

India Women vs Uruguay Women, FIH Nations Cup: भारत ने शुरू में पिछड़ने के बाद अच्छी वापसी करते हुए गुरुवार को उरुग्वे महिला हॉकी टीम को 3-2 से हराया और एफआईएच महिला नेशंस कप के पूल ए में शीर्ष स्थान हासिल किया।

Image

भारत ने महिला नेशंस कप हॉकी में उरुग्वे को हराया (X/HockeyIndia)

KEY HIGHLIGHTS
  • एफआईएच महिला नेशंस कप हॉकी
  • भारतीय महिला हॉकी टीम ने उरुग्वे को हराया
  • लगातार 3 जीत के बाद टेबल में टॉप पर भारत

दीपिका ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए दो गोल किए जिससे भारत ने शुरू में पिछड़ने के बाद अच्छी वापसी करते हुए बृहस्पतिवार को उरुग्वे को 3-2 से हराया और एफआईएच महिला नेशंस कप (FIH Women's Nations Cup) के पूल ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। पहले दो मैच में भी अच्छा प्रदर्शन करने वाली दीपिका ने दो गोल किए जबकि दीपिका सोरेंग ने एक गोल दागा। इससे भारत ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इससे पहले उसने अमेरिका और जापान को हराया था।

अमेरिका दूसरे स्थान पर रहा और वह भारत के साथ सेमीफाइनल में पहुंच गया। भारत 20 जून को सेमीफाइनल में चिली या कोरिया से भिड़ेगा। मैच के 13वें मिनट में ही चियारा एपेंनिनो ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर उरुग्वे को बढ़त दिला दी। लेकिन भारत को बराबरी के गोल के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। ड्रैग-फ्लिकर दीपिका ने 24वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया।

इसके बाद सोरेंग ने मैच का रुख पूरी तरह से भारत की ओर मोड़ दिया। उन्होंने तीसरे क्वार्टर में 43वें मिनट में शानदार मैदानी गोल करके भारत को 2-1 से आगे कर दिया। उरुग्वे ने 55वें मिनट में कप्तान मैनुएला विलार के गोल से बराबरी की, लेकिन उनकी खुशी क्षणिक रही क्योंकि दीपिका ने अगले ही मिनट में मैच का अपना दूसरा गोल दागकर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी। यह मैच नेहा के लिए भी एक यादगार रहा। उन्होंने भारत के लिए अपना 200वां मैच खेला।

एफआईएच प्रो लीग में भारतीय पुरुष टीम की विश्व चैंपियंस के खिलाफ जीत

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 2025-26 पुरुष एफआईएच प्रो हॉकी लीग में अपनी पहली सीधी जीत दर्ज की। उन्होंने नीदरलैंड के रॉटरडैम में हज़ेलारवेग स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के अपने 10वें मैच में वर्ल्ड चैंपियन जर्मनी को 3-1 से हराया।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article