हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप के 16वें सत्र का आयोजन मंगलवार से यहां किया जाएगा जिसमें तीन डिवीजन में कुल 30 टीम हिस्सा लेंगी। आठ अगस्त को खत्म होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रमोशन (ऊंची लीग में जाना) और रेलीगेशन (निचली लीग में खिसकना) से प्रत्येक मैच का महत्व बढ़ जाएगा। डिवीजन ’ए’ में रहने वाली टीम खिताब के लिए मुकाबला करेंगी जबकि डिवीजन ’बी’ और ’सी’ की टीम अगले डिवीजन में जगह बनाने के लिए चुनौती पेश करेंगी।
डिवीजन ’ए’ में 12 टीम होंगी जिन्हें तीन-तीन टीम के चार पूल में बांटा गया है। पूल ’ए’ में हॉकी हरियाणा, हॉकी मध्य प्रदेश और तमिलनाडु हॉकी इकाई शामिल हैं। पूल ’बी’ में ओडिशा हॉकी संघ, मणिपुर हॉकी, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव हॉकी शामिल हैं। पूल ’सी’ में हॉकी पंजाब, हॉकी झारखंड और दिल्ली हॉकी शामिल होंगे जबकि पूल ’डी’ में उत्तर प्रदेश हॉकी, हॉकी कर्नाटक और हॉकी बंगाल शामिल हैं।
लीग चरण खत्म होने के बाद हर पूल से शीर्ष दो टीम पांच अगस्त को होने वाले क्वार्टर फाइनल में मुकाबला करेंगी। सेमीफाइनल छह अगस्त को होंगे जबकि तीसरे नंबर पर रहने वाली टीम के लिए प्लेऑफ आठ अगस्त को होगा। डिवीजन ’ए’ में सबसे नीचे रहने वाली दो टीम डिवीजन ’बी’ में खिसक जाएंगी। डिवीजन ’बी’ में 10 टीम होंगी जिन्हें पांच-पांच टीम के दो पूल में बांटा जाएगा। पूल ’ए’ में हॉकी महाराष्ट्र, हॉकी उत्तराखंड, हॉकी जम्मू-कश्मीर, हॉकी हिमाचल और केरल हॉकी शामिल हैं।
पूल ’बी’ में हॉकी आंध्र प्रदेश, हॉकी चंडीगढ़, हॉकी अरुणाचल, बिहार (बीएसएसए) और छत्तीसगढ़ हॉकी शामिल हैं। इस डिवीजन की शीर्ष दो टीम डिवीजन ’ए’ में जगह बनाएंगी जबकि सबसे नीचे की दो टीम डिवीजन ’सी’ में खिसक जाएंगी।
डिवीजन ’सी’ में आठ टीम होंगी जिन्हें चार-चार टीम के दो पूल में बांटा गया है। पूल ’ए’ में असम हॉकी, गोवा हॉकी, हॉकी राजस्थान और हॉकी मिजोरम शामिल हैं जबकि पूल ’बी’ में तेलंगाना हॉकी, पुडुचेरी हॉकी, हॉकी गुजरात और त्रिपुरा ओलंपिक संघ शामिल हैं। डिवीजन ’सी’ से शीर्ष दो टीम डिवीजन ’बी’ में आगे बढ़ेंगी।
(भाषा इनपुट के साथ)
