स्पोर्ट्स

अमित शाह ने बताया, खिलाड़ियों को ओलंपिक 2036 की तैयारी के लिए कैसे प्रोत्साहित कर रही है सरकार

भारत के गृहमंत्री अमित शाह ने बताया है कि सरकार ओलंपिक 2036 के लिए किस तरह खिलाड़ियों को तैयार कर रही है। सरकार 50 हजार रुपये प्रतिमाह 3 हजार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में दे रही है।

Image

अमित शाह( Amit Shah X)

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि सरकार 2036 के ओलंपिक की तैयारियों के तहत लगभग 3,000 खिलाड़ियों को प्रति माह 50,000 रुपये की सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इसके लिए एक विस्तृत और व्यवस्थित योजना बना रही है। शाह 21वें ‘वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025’ में भाग लेने वाले भारतीय दल के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जीत और हार जीवन चक्र का हिस्सा है लेकिन जीत का लक्ष्य तय करना तथा जीत के लिए योजना बनाना हर किसी का ‘स्वभाव’ होना चाहिए। जीतना किसी आदत की तरह होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि जो लोग जीतने की आदत विकसित करते हैं, वे हमेशा असाधारण प्रदर्शन करते हैं।

गृह मंत्री ने यह भी बताया कि मोदी सरकार खेल को हर गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था कर रही है। उन्होंने कहा कि हर खेल में विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों का चयन और प्रशिक्षण वैज्ञानिक तरीके से किया जा रहा है। शाह ने कहा,'पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल को बहुत महत्व दिया गया है। बजट में पांच गुना बढ़ोतरी की गई है। सरकार 2036 के ओलंपिक की भी तैयारी कर रही है जिसमें लगभग 3,000 खिलाड़ियों को प्रति माह 50,000 रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है और इसके लिए एक विस्तृत व्यवस्थित योजना बनाई जा रही है।'

शाह ने कहा कि हर पुलिस अधिकारी की दिनचर्या ऐसी होनी चाहिए कि उसकी दिन की शुरुआत परेड से हो और शाम खेल के साथ समाप्त हो। उन्होंने कहा,'अगर सभी पुलिसकर्मी नियमित रूप से खेलने की आदत विकसित करते हैं तो इससे न केवल तनाव कम होगा बल्कि काम की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।'

गृह मंत्री ने कहा कि ‘अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड’ का हिस्सा बनने वाले सभी पुलिस बलों का लक्ष्य कम से कम तीन पदक जीतना होना चाहिए। उन्होंने कहा,'हम अगर इस लक्ष्य को हासिल कर लेते हैं, तो इस साल आपके द्वारा बनाया गया रिकॉर्ड 2029 में गुजरात में होने वाले ‘वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स’ में आपके द्वारा पार कर लिया जाएगा।' उन्होंने कहा कि ‘वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025’ में भाग लेने वाले पुलिस कर्मियों की सफलता का जश्न मनाया जाना चाहिए और देश की जनता को भी इसकी सटीक जानकारी मिलनी चाहिए। शाह ने कहा कि ‘वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2029’ का आयोजन अहमदाबाद, गांधीनगर और केवड़िया में होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article