शहर

दिल्ली में फिर आया नाबालिग से रेप का मामला... पश्चिम विहार में 14 साल की बच्ची से पड़ोसी ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Delhi News: दिल्ली के पश्चिम विहार में 14 साल की नाबालिग से दुष्कर्म का मामला आया है। आरोपी पीड़िता का पड़ोसी है, जिसे मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।

Image

दिल्ली के पश्चिम विहार का मामला (सांकेतिक चित्र)

Photo : ANI

Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की से उसके पड़ोसी द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता कक्षा 9वीं की छात्रा है, जिसकी शिकायत पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पॉक्सो के तहत मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात कुछ दिन पहले हुई थी। पीड़ित बच्ची ने साहस जुटाकर घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार ने पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने घर पर जानकारी देने के बाद जान से मारने की धमकी भी दी थी।

कालकाजी की घटना के बाद उठ रहे सवाल

पश्चिम विहार की यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब दिल्ली पुलिस कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में एक नाबालिग के साथ हुई यौन उत्पीड़न की घटना के बाद पहले से ही हाई अलर्ट पर है। कालकाजी मामले में तीन बदमाशों ने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाया था। इस घटना के बाद पूरी दिल्ली में पार्कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने के लिए दिल्ली के विभिन्न जिलों में पुलिस ने नाइट पेट्रॉलिंग तेज कर दी है। इन सब के बावजूद फिर रेप की घटना सामने आई है और आरोपी कोई अनजान नहीं बल्कि पड़ोसी ही है। ऐसे में एक बार फिर सुरक्षा से अधिक आपराधिक मानसिकता पर सवाल उठ रहे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article