शहर

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री का घर भी टूटेगा, उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण की जद में आ गया मोहन यादव का घर

MP News: सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण शुरू हुआ है। 730 मीटर मार्ग में आ रहे 272 मकानों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पैत्रीक निवास भी शामिल है।

Image

सीएम मोहन यादव का उज्जैन में स्थिति पैतृक निवास, सड़क चौड़ीकरण की जद में

MP News: आगामी महाकुंभ 'सिंहस्थ 2028' के भव्य आयोजन की तैयारियों के तहत धार्मिक नगरी उज्जैन में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी कड़ी में प्रमुख मार्गों को चौड़ा करने की प्रक्रिया जारी है, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ऐतिहासिक पैतृक मकान भी सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा है। नगर निगम की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे पूरा कर इमारतों पर लाल निशान लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

272 इमारतें प्रभावित

सिंहस्थ के दौरान शहर में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं और यातायात के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक सड़क चौड़ीकरण प्रस्तावित है। लगभग 730 मीटर लंबे इस मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जद में कुल 272 इमारतें आ रही हैं। इनमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पैतृक निवास और उनकी बड़ी बहन व नगर निगम सभापति कलावती यादव का मकान भी शामिल है।

1974 में बना था सीएम का पैतृक मकान

उज्जैन के इस ऐतिहासिक मकान से मुख्यमंत्री के परिवार की गहरी यादें जुड़ी हुई हैं। जानकारी के मुताबिक, इस मकान का निर्माण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दादा स्व. रामचंद्र यादव ने वर्ष 1974 में कराया था। इसी घर में उनके दोनों बेटों- पूनमचंद्र यादव और शंकरलाल यादव-समेत पूरे परिवार का बचपन बीता। पूनमचंद्र यादव के पांच बच्चों (नंदलाल यादव, नारायण यादव, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, ग्यारसी बाई और कलावती यादव) का लालन-पालन भी इसी पैतृक निवास में हुआ।

विकास के लिए परिवार तैयार: नगर निगम सभापति कलावती यादव

सड़क चौड़ीकरण की जद में मकान आने के बावजूद मुख्यमंत्री का परिवार शहर के विकास के लिए आगे आया है। नगर निगम सभापति कलावती यादव ने स्पष्ट किया कि शहर के विकास और सिंहस्थ की तैयारियों को देखते हुए वे मकान के प्रभावित हिस्से को हटाने के लिए सहर्ष तैयार हैं। कलावती यादव ने कहा, "खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक होने वाले चौड़ीकरण में हमारा पैतृक मकान भी आ रहा है। इस क्षेत्र में रहने वाले सभी नागरिक हमारे परिवार के सदस्य की तरह हैं। किसी भी नागरिक के साथ पार्टी (भाजपा-कांग्रेस) या धर्म (हिंदू-मुस्लिम) के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। प्रभावित लोगों की समस्याओं का अधिकारियों के साथ मिलकर समाधान निकाला जाएगा, और सभी स्थानीय नागरिक विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग दे रहे हैं।"

'अतिथि देवो भव' की भावना से नागरिक भी दे रहे योगदान

सिर्फ मुख्यमंत्री का परिवार ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी सिंहस्थ की तैयारियों में अपना योगदान दे रहे हैं। भाजपा के नगर महामंत्री जगदीश पांचाल का घर भी इस चौड़ीकरण की जद में आ रहा है। उन्होंने कहा कि उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए स्थानीय लोगों में 'अतिथि देवो भव' की भावना है, इसलिए सड़क चौड़ीकरण से किसी को कोई आपत्ति नहीं है।

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 को लेकर बुनियादी ढांचे के विस्तार का काम तेजी से चल रहा है, और मुख्यमंत्री के परिवार द्वारा दिया गया यह संदेश शहर के विकास में आमजन के सहयोग के लिए एक सकारात्मक मिसाल पेश कर रहा है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article