स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2026: आइवरी कोस्ट को पटखनी फीफा विश्व कप के नॉकआउट राउंड में पहुंचा जर्मनी, डेनिज उंडाव ने पलटी बाजी

चार बार की चैंपियन जर्मनी ने टोरंटो स्टेडियम में खेले गए फीफा विश्व कप 2026 में रोमांचक मुकाबले में आइवरी कोस्ट को 2-1 से अंतर से हराकर अंतिम-32 में अपनी जगह पक्की कर ली।

Image

डेनिज उंडाव

Photo : AP

टोरंटो: चार बार की चैंपियन जर्मनी ने टोरंटो स्टेडियम में खेले गए फीफा विश्व कप 2026 में रोमांचक मुकाबले में आइवरी कोस्ट को 2-1 से अंतर से हराकर अंतिम-32 में अपनी जगह पक्की कर ली। जर्मनी की जीत के हीरो डेनिज उंडाव रहे। मैच के फर्स्ट हाफ में जर्मनी की टीम 0-1 से पीछे थी। इसके बाद सेकेंड हॉफ में डेनिज उंडाव ने बेंच से मैदान पर उतरने के बाद दो गोल दागे और अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।

फर्स्ट हाफ में आइवरी कोस्ट रहा 1-0 से आगे

टोरंटो स्टेडियम में आइवरी कोस्ट ने जर्मनी के खिलाफ शानदार शुरुआत की। मैच के 30वें मिनट में फ्रैंक केसी ने गोल करके आइवरी कोस्ट को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद ऐसा लग रहा था कि अफ्रीकी टीम जीत की ओर बढ़ रही है। जर्मनी ने मैच की शुरुआत से आइवरी कोस्ट के ऊपर दबाव बनाया। काई हैवर्ट्ज और जोशुआ किमिख ने गोल करने के कई अच्छे मौके बनाए, लेकिन गेंद को गोल पोस्ट के अंदर पहुंचाने में नाकाम रहे। फर्स्ट हाफ में एलेकजेंडर पावलोविच ने गेंद को नेट तक पहुंचा दिया लेकिन मैच रेफरी ने फाउल के कारण गोल को रद्द घोषित कर दिया।

डेनिज उंडाव ने मैदान पर उतरते ही बदली जर्मनी की तकदीर

सेकेंड हॉफ में जर्मनी के कोच जूलियन नागेल्समैन ने टीम में बदलाव किए और 60वें मिनट में डेनिज उंडाव को मैदान पर उतारा। यह फैसला जर्मनी के लिए वरदान साबित हुआ। मैच के 68वें मिनट में नादीम अमीरी के शानदार क्रॉस पर उंडाव ने हेडर लगाकर गोल किया और जर्मनी को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया। इसके बाद दोनों टीमों को गोल करने के मौके मिले। आइवरी कोस्ट भी जीत के लिए संघर्ष करता रहा, लेकिन वह हाथ आए मौकों का फायदा नहीं उठा सका।

इंजरी टाइम में किया निर्णायक गोल

अंत में मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था, तभी इंजरी टाइम के चौथे मिनट में लुकास नेमेचा ने उंडाव को शानदार पास दिया। उंडाव ने गेंद को नियंत्रित करते हुए बेहतरीन फिनिश किया और जर्मनी को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। रेफरी द्वारा मैच के खत्म होने का ऐलान करते ही जर्मन खिलाड़ी जश्न में डूब गए वहीं शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद आइवरी कोस्ट के खिलाड़ियों और प्रशंसकों के हाथ निराशा लगी।

अंतिम 32 में हुई जर्मनी की जगह पक्की

आइवरी कोस्ट के खिलाफ जीत के साथ ही जर्मनी ने फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट चरण यानी अंतिम-32 में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। अब जर्मनी इस सवाल के जवाब के लिए इंतजार करना पड़ेगा कि वो अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पर रहता है या नहीं, लेकिन टीम की अगले राउंड में एंट्री पक्की हो चुकी है। इससे पहले मेजबान मैक्सिको और यूएसए की टीमें अंतिम 32 में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article