पटना: 15 साल के युवा क्रिकेट स्टार वैभव सूर्यवंशी को 14 नवंबर से शुरू होने जा रही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती दो मैच के लिए बिहार की टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। बिहार क्रिकेट बोर्ड के इस निर्णय पर वैभव के बचपन के कोच मनीष ओझा ने खुशी जताई है और कहा कि वो कप्तानी के स्वाभाविक हकदार थे और यह उनके लिए गर्व का क्षण है।
कप्तान बनना है एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी
मनीष ओझा ने वैभव को कप्तान बनाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, यह वाकई एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, खासकर वैभव की उम्र को देखते हुए। हालांकि, अगर हम पीछे मुड़कर देखें, तो चयनकर्ताओं ने इससे पहले दलीप ट्रॉफी के दौरान उन्हें उप-कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी थी, जिसे उन्होंने बहुत बेहतरीन ढंग से निभाया। उसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए, बिहार के चयनकर्ताओं ने अब वैभव को टीम का कप्तान बनाने का फैसला किया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बिहार की टीम का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी बने कप्तान
कप्तान बनने के स्वाभाविक दावेदार थे वैभव
मनीष ओझा ने आगे कहा, भारतीय टीम के मौजूदा सदस्य होने के नाते, वह कप्तानी के स्वाभाविक दावेदार थे—और अब उन्हें यह जिम्मेदारी सौंप दी गई है। यह एक बहुत ही सकारात्मक संकेत है कि बिहार क्रिकेट सही दिशा में आगे बढ़ रहा है और नई पीढ़ी को मौके दिए जा रहे हैं...' मनीष लगातार भारतीय टीम मैनेजमेंट की वैभव को बेंच पर बैठाने की आलोचना मुखर होकर करते रहे हैं। उन्होंने टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में कहा था कि गौतम गंभीर तानाशाह की तरह टीम को चला रहे हैं।
बिहार की टीम: वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), ऋत्विक राज, सूरज कश्यप (उपकप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इजहार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज खान और हिमांशु सिंह।
