स्पोर्ट्स

एथलीट आयोग की अध्यक्ष बनीं पीवी सिंधु, हरमनप्रीत सिंह चुने गए उपाध्यक्ष

ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह भारतीय ओलंपिक संघ के एथलीट आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने गए।

Image

पीवी सिंधू (फोटो क्रेडिट BAI Media X)

नई दिल्ली: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को शुक्रवार को भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के एथलीट आयोग का क्रमशः अध्यक्ष और उपाध्यक्ष जबकि स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू और तैराक साजन प्रकाश को देश की सर्वोच्च खेल संस्था की आम सभा में खिलाड़ियों का प्रतिनिधि चुना गया।

सिंधु और हरमनप्रीत एथलीट आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए अकेले उम्मीदवार थे। इसलिए चुनाव अधिकारी संजय के श्रीवास्तव ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। हरमनप्रीत भी दो बार के ओलंपिक पदक विजेता हैं। सिंधु और हरमनप्रीत दोनों ही पांच दिसंबर को राष्ट्रीय ओलंपिक निकाय के चुनावों के बाद गठित होने वाली आईओए की कार्यकारी परिषद के सदस्य बन जाएंगे।

चानू और साजन भी आईओए की आम सभा में खिलाड़ियों के प्रतिनिधियों की दो सीटों के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे। वे पांच दिसंबर को होने वाले आईओए चुनावों में मतदान करने के पात्र हो गए हैं। निर्विरोध निर्वाचित होने के कारण शनिवार को होने वाली आईओए आम सभा में आईओए एथलीट आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ-साथ खिलाड़ियों के दो प्रतिनिधियों के चुनाव नहीं होंगे। चुनाव अधिकारी श्रीवास्तव इस संदर्भ में केवल औपचारिक अधिसूचना जारी करेंगे। इन चारों खिलाड़ियों का कार्यकाल चार साल (2026-2030) का होगा।

चुनाव अधिकारी ने शुक्रवार को जारी नोटिस में कहा, 'पुसरेला वेंकट सिंधु (महिला) अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाली एकमात्र उम्मीदवार हैं, इसलिए उन्हें आईओए एथलीट आयोग का निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। हरमनप्रीत सिंह (पुरुष) को आईओए एथलीट आयोग का निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया है इसलिए इन पदों के लिए मतदान नहीं होगा। मीराबाई चानू साइखोम (महिला) और साजन प्रकाश (पुरुष) एथलीट आयोग के दो प्रतिनिधियों के रूप में आईओए आम सभा के सदस्य के लिए नामांकन दाखिल करने वाले अकेले उम्मीदवार थे और उन्हें भी निर्विरोध चुना गया है।'

नियमों के अनुसार एथलीट आयोग के अध्यक्ष या उपाध्यक्ष में से कोई एक पुरुष या महिला खिलाड़ी होना चाहिए। यही नियम आईओए की आम सभा के लिए खिलाड़ियों के दो प्रतिनिधियों पर भी लागू होता है। एथलीट आयोग के अन्य सदस्यों में महिला हॉकी कप्तान सलीमा टेटे, निशानेबाज स्वप्निल कुसाले, तलवारबाज भवानी देवी, गोला फेंक के खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर, पूर्व तीरंदाज बॉम्बेला देवी और कयाकिंग और कैनोइंग से मनजीत सिंह शामिल हैं। सिंधु, चानू और भवानी मशहूर मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम की अध्यक्षता वाली पूर्व एथलीट आयोग की भी सदस्य थीं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article