स्पोर्ट्स

FIH Pro League: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने नीदरलैंड को 3-2 से दी मात, हार्दिक सिंह के सिर पर सजा जीत का सेहरा

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए एफआईएच प्रो लीग के रॉटरडम चरण के अपने अंतिम मुकाबले में नीदरलैंड को मात दी।

Image

भारतीय पुरुष हॉकी टीम (फोटो क्रेडिट Hockey India X)

रॉटरडम: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए एफआईएच प्रो लीग के रॉटरडम चरण के अपने अंतिम मुकाबले में नीदरलैंड को 3-2 से हरा दिया। भारत की ओर से जुगराज सिंह (18वां मिनट), अभिषेक (27वां मिनट) और राजिंदर सिंह (56वां मिनट) ने गोल किए। वहीं मेजबान टीम के लिए पेपीन वान डेर हाइज्डेन (19वां मिनट) और कोएन बिजेन (59वां मिनट) ने गोल दागे। कार्यवाहक कप्तान हार्दिक सिंह को उनके बेहतरीन नेतृत्व और मिडफील्ड में शानदार प्रदर्शन के लिए ’प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

पहले क्वार्टर में नहीं हुआ कोई गोल

नीदरलैंड ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और अपनी तेज पासिंग से भारतीय रक्षा पंक्ति पर दबाव बनाया। हालांकि शुरुआती झटकों के बाद भारतीय डिफेंडरों ने लय पकड़ ली और विपक्षी टीम के हमलों को रोक दिया। पहला क्वार्टर बिना गोल के समाप्त हुआ। दूसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रमण तेज किया और पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। 18वें मिनट में जुगराज सिंह ने शानदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल कर भारत का खाता खोला। हालांकि नीदरलैंड ने तुरंत जवाब देते हुए पेनल्टी कॉर्नर पर वान डेर हाइज्डेन के गोल से स्कोर 1-1 कर दिया।

भारत ने तीसरे क्वार्टर के अंत तक हासिल की 2-1 की बढ़त

27वें मिनट में जरमनप्रीत सिंह के शानदार पास पर अभिषेक ने बेहतरीन बैकहैंड शॉट लगाकर गोल कर दिया और भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ तक यही स्कोर बना रहा। तीसरे क्वार्टर में भारत ने सधे हुए खेल और सटीक पासिंग के जरिए मैच पर नियंत्रण बनाए रखा। 41वें मिनट में नीदरलैंड को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन अमित रोहिदास ने वान डेर हाइज्डेन के प्रयास को सफल नहीं होने दिया। मेजबान टीम को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन यह मौका भी खराब चला गया। तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत 2-1 से आगे था।

नीदरलैंड ने की बराबरी की अंतिम क्वार्टर में पुरजोर कोशिश

अंतिम क्वार्टर में नीदरलैंड बराबरी के लिए लगातार प्रयास करता रहा, लेकिन पेनल्टी कॉर्नर पर उनकी गलतियां जारी रहीं। 56वें मिनट में दिलप्रीत सिंह और मनदीप सिंह के तेज जवाबी हमलों से भारत को बढ़िया मौका मिला। इस दौरान नीदरलैंड के खिलाड़ी जोपे वोल्बर्ट ने फाउल किया जिसके लिए उन्हें येलो कार्ड दिखाया गया। इसके बाद मिले पेनल्टी कॉर्नर पर राजिंदर सिंह ने दमदार ड्रैग-फ्लिक के जरिए गोल कर भारत की बढ़त 3-1 कर दी।

अंतिम मिनटों मिले तीन पेनल्टीकॉर्नर का फायदा नहीं उठा पाया नीदरलैंड

लेकिन 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही नीदरलैंड टीम को 58वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने सभी प्रयास नाकाम कर दिए। इसके बावजूद 59वें मिनट में कोएन बिजेन ने एक शानदार पेनल्टी कॉर्नर मूव को गोल में बदलकर स्कोर 3-2 कर दिया। मैच के अंतिम 10 सेकंड में भारत को भी एक पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे रोक दिया गया। भारत ने जीत दर्ज कर तीन महत्वपूर्ण अंक हासिल किए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article