स्पोर्ट्स

FIDE महिला विश्व कप फाइनल: बराबर रही दिव्या देशमुख और कुनेरी हम्पी के बीच दूसरी बाजी, अब टाईब्रेकर से होगा खिताब का फैसला

फिडे महिला विश्व कप के फाइनल में भारत की दिव्या देशमुख और कोनेरू हम्पी के बीच दूसरी बाजी भी बराबर रही। ऐसे में अब सोमवार को टाई ब्रेकर के जरिए खिताबी जीत का फैसला होगा।

Image

कोनेरू हम्पी और दिव्या देशमुख( फोटो क्रेडिट Screen Grab X)

बातुमी (जॉर्जिया): अंतरराष्ट्रीय मास्टर दिव्या देशमुख ने अपने से ऊंची रैंकिंग वाली ग्रैंडमास्टर और हमवतन कोनेरू हम्पी को फिडे महिला विश्व कप फाइनल के दूसरे गेम में रविवार को यहां कोई मौका दिये बिना ड्रॉ खेलने पर मजबूर किया जिससे विजेता का फैसला अब टाईब्रेकर से होगा। सोमवार को होने वाले टाईब्रेकर में कम अवधि की बाजियों की सीरीज खेली जायेंगी।

शानदार शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाईं दिव्या

फाइनल के पहले गेम में शनिवार को अपनी शानदार शुरुआत का पूरा फायदा उठाने में विफल रही दिव्या ने दूसरी बाजी में काले मोहरों से खेलने के बावजूद बेहतर प्रदर्शन किया। वह इस दौरान अनुभवी हम्पी की हर चाल का माकूल जवाब देने में सफल रही। हम्पी ने अपने एक प्यादे को गंवाने के साथ दिव्या को उलझाकर मैच पर दबदबा बनाने की कोशिश की लेकिन इस दौरान वह अपने दोनों बिशप (ऊंट या वजीर) को गंवा बैठी। इससे युवा भारतीय खिलाड़ी को एक प्यादे के फायदे के साथ वापसी करने का मौका मिल गया। दोनों खिलाड़ियों ने 34 चालों को बाद मैच को बराबरी पर खत्म करने का फैसला किया।

टाई ब्रेकर से होगा खिताब का फैसला

अब टाई-ब्रेकर में 15-15 मिनट के दो गेम होंगे जिसमें हर चाल के बाद 10 सेकेंड का इजाफा होगा। स्कोर इसके बाद फिर भी बराबरी पर रहा तो दोनों खिलाड़ी 10-10 मिनट प्रति गेम के हिसाब से एक और सेट खेलेंगी, जिसमें 10 सेकेंड का इजाफा होगा। मैच का परिणाम अगर फिर भी नहीं निकला तो पांच-पांच मिनट के दो और गेम होंगे और इसमें हर चाल के बाद तीन सेकेंड की बढ़ोतरी होगी। इसके बाद एक गेम का मुकाबला होगा जिसमें दोनों खिलाड़ियों को तीन मिनट मिलेंगे और दो सेकंड का इजाफा होगा। यह तब तक चलेगा जब तक कोई खिलाड़ी विजेता ना बना जाये। चीन की झोंगयी टैन और लेई टिंगजी के बीच तीसरे स्थान का प्ले-ऑफ मुकाबला भी ड्रॉ की ओर बढता दिख रहा है।

दिव्या ने कहा मैं उलझन में थी

दिव्या ने मुकाबले के बाद प्रसारक से बातचीत के दौरान शनिवार को पहले गेम में की गई गलतियों से परेशान दिखीं। उन्होंने कहा,'मैं पहले गेम से काफी निराश थी क्योंकि मैं गलत चुनाव कर बैठी थी। पहला गेम मेरे पक्ष में नहीं गया और हालांकि यह ड्रॉ रहा, लेकिन मुझे हार जैसा महसूस हुआ। इसलिए मैं बस उबरने की कोशिश कर रही थी और आज का खेल काफी आसान था।' दिव्या ने कहा,'मुझे लगता है कि मैं बिना किसी वजह के मुश्किल में पड़ गई। मैं देखना चाहती थी कि जीत होगी या नहीं, लेकिन मैं चूक गई। और मैं उलझन में थी।'

शतरंज में नई सोच के साथ उतरना जरूरी

यह पूछे जाने पर कि उनके जैसी खिलाड़ी पिछले गेम को भूलकर अगले गेम पर कैसे ध्यान केंद्रित करती हैं तो उन्होंने कहा कि शतरंज जैसे खेल में एक नई सोच के साथ उतरना ‘बेहद जरूरी’ होता है। उन्होंने कहा, 'वर्ना तुम अगले गेम में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाओगी। मैं बस खुद से कहती हूं कि इसके बारे में दुखी होने के लिए मेरे पास ज़िंदगी भर का समय है। इसलिए आज दु:खी मत हो। इसके बारे में बाद में दु:खी हो सकते हैं।'

दिव्या के पास है ग्रैंडमास्टर बनने का मौका

नागपुर की 19 वर्षीय खिलाड़ी सोमवार को खिताब जीतकर ग्रैंडमास्टर बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि वह टाई-ब्रेकर में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगी। दिव्या ने कहा,'बिलकुल, मुझे लगता है कि मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगी। वह (हम्पी) बेशक एक बहुत ही मजबूत खिलाड़ी हैं, लेकिन मुझे उम्मीद है कि चीजें मेरे पक्ष में जाएंगी।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article