समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद में अपने नेतृत्व को बदलते हुए मोहम्मद जासमीर अंसारी को नेता प्रतिपक्ष बनाने का फैसला किया है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है। जासमीर अंसारी इससे पहले विधान परिषद में सपा के उपनेता की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। जासमीर अंसारी के सामने अब विधान परिषद में सरकार को घेरने और विपक्ष की आवाज को धार देने की जिम्मेदारी होगी। वहीं मौजूदा नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव की भूमिका अब वाराणसी-मिर्जापुर खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव पर केंद्रित होगी। सपा ने आगामी शिक्षक एमएलसी चुनाव में लाल बिहारी यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है। लाल बिहारी यादव लंबे समय से शिक्षक राजनीति से जुड़े रहे हैं और 2020 में इसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी निर्वाचित हुए थे।
जासमीर पर भरोसा क्यों?
जासमीर अंसारी सपा के लिए नए चेहरे नहीं हैं। 2024 में जब लाल बिहारी यादव को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया था, तब जासमीर अंसारी को ही परिषद में उपनेता की जिम्मेदारी दी गई थी। अब करीब दो साल बाद पार्टी ने उन्हें उपनेता से सीधे नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में पहुंचा दिया है। जासमीर अंसारी सीतापुर के लहरपुर से आते हैं और अभी विधान परिषद के सदस्य हैं।
ओवैसी की एंट्री की कोशिशों के बीच सपा का मुस्लिम नेतृत्व वाला संदेश
ये बदलाव करके सपा ने यूपी में अपनी जड़े जमाने की कोशिश कर रहे ओवैसी को भी एक संदेश दे दिया है। उत्तर प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम लगातार अपनी राजनीतिक जमीन बढ़ाने की कोशिश करती रही है। ऐसे समय में सपा का एक वरिष्ठ मुस्लिम नेता को विधान परिषद में विपक्ष के सबसे प्रमुख संवैधानिक पदों में से एक देना पार्टी के अपने मुस्लिम नेतृत्व को सामने रखने की रणनीति के तौर पर देखा जा सकता है। जासमीर अंसारी पहले ही परिषद में सपा के उपनेता के रूप में काम कर चुके हैं। इसलिए यह फैसला अचानक किसी नए चेहरे को आगे करने के बजाय पार्टी के भीतर पहले से स्थापित नेतृत्व को मौका दिया गया है2027 से पहले सामाजिक और राजनीतिक संदेश
2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा के लिए यह बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्टी को एक तरफ अपने पारंपरिक सामाजिक आधार को बनाए रखना है और दूसरी तरफ अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच अपने प्रतिनिधित्व का संदेश देना है। जासमीर अंसारी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष बनाना इसी व्यापक संगठनात्मक पुनर्संयोजन का हिस्सा माना जा रहा है। खासकर ऐसे समय में जब प्रदेश की राजनीति में मुस्लिम वोटों और मुस्लिम नेतृत्व को लेकर अलग-अलग दलों की सक्रियता बढ़ी हुई है। सपा के इस फैसले का सबसे बड़ा संदेश यही है कि पार्टी विधान परिषद में विपक्ष की कमान जासमीर अंसारी को सौंपकर एक नए राजनीतिक चेहरे को सामने ला रही है, जबकि लाल बिहारी यादव को उनके पुराने शिक्षक आधार पर चुनावी मोर्चे पर बनाए रख रही है। यहीं से 2027 की राजनीति के लिए एक दिलचस्प सवाल पैदा होता है क्या सपा मुस्लिम राजनीति में अपने स्थापित नेतृत्व को और अधिक संस्थागत भूमिका देकर नए राजनीतिक दावेदारों के लिए जगह सीमित करना चाहती है। इसका जवाब आने वाले महीनों में पार्टी की अगली नियुक्तियों और चुनावी रणनीति से ज्यादा साफ होगा।
