स्पोर्ट्स

FIH Pro League 2026: एफआईएच प्रो लीग में बगैर नियमित कप्तान और कोच के उतरेगा पाकिस्तान, जानिए क्या है वजह

एफआईएच प्रो लीग में खराब प्रदर्शन से जूझ रही पाकिस्तान हॉकी टीम को इंग्लैंड में होने वाले टूर्नामेंट के आखिरी चरण के लिए वीजा की दिक्कतों की वजह से अपने नियमित कप्तान और मुख्य कोच के बगैर खेलना पड़ सकता है। जानिए क्या है पूरा मामला?

Image

अम्माद शकील बट्ट (फोटो क्रेडिट @ShakeelktkKhan X)

कराची: एफआईएच प्रो लीग में खराब प्रदर्शन से जूझ रही पाकिस्तान हॉकी टीम को इंग्लैंड में होने वाले टूर्नामेंट के आखिरी चरण के लिए वीजा की दिक्कतों की वजह से अपने नियमित कप्तान अम्माद शकील बट और संभवत: मुख्य कोच मंजूर-उल-हसन के बिना खेलना पड़ सकता है।

पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) के एक अधिकारी ने बताया कि अम्माद का वीजा आवेदन खारिज कर दिया गया है जबकि टीम के इंग्लैंड रवाना होने से पहले मंजूर के लिए वीजा हासिल करने की कोशिशें जारी हैं। इंग्लैंड में पाकिस्तान 23 जून से इंग्लैंड और भारत के खिलाफ चार मैच खेलेगा।

अपने सभी 11 मैच हार चुकी है पाकिस्तान

पाकिस्तान का प्रो लीग सत्र बहुत खराब रहा है। टीम जर्मनी, नीदरलैंड, बेल्जियम और स्पेन के खिलाफ अपने सभी 11 मैच हार चुकी है और अब उसके प्रतियोगिता के शीर्ष टियर से बाहर होने का खतरा है। अधिकारी के मुताबिक पाकिस्तान के डिफेंस के अहम खिलाड़ी अम्माद को वीजा इसलिए नहीं मिला क्योंकि वह पहले क्लब हॉकी खेलते समय इंग्लैंड में तय समय से अधिक रुके थे। अधिकारी ने बताया कि यह देरी उस क्लब के साथ गलतफहमी की वजह से हुई थी जिसके लिए वह देश में छह महीने के दौरान खेले थे।

अम्माद के राजनीतिक शरण के आवेदन की आई हैं खबरें

ऐसी खबरें भी थीं कि अम्माद ने एक समय ब्रिटेन में राजनीतिक शरण के लिए आवेदन किया था। हालांकि पीएचएफ अधिकारी ने कहा कि वह इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकते। अम्माद की गैरमौजूदगी में सीनियर खिलाड़ी अबू बक्र के टीम की कप्तानी करने की उम्मीद है। अगर मंजूर समय पर अपना वीजा नहीं ले पाते हैं तो पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ताहिर जमां इंग्लैंड चरण के लिए टीम की कमान संभाल सकते हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article