क्रिकेट

प्रसिद्ध कृष्णा ने तोड़े अजीत आगरकर और रवि रामपॉल के रिकॉर्ड, बने चेन्नई में ये कारनामा करने वाले पहले भारतीय

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने शनिवार को अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में अपनी गेंदबाजी से कहर परपाते हुए अजीत आगरकर और रवि रामपॉल के रिकॉर्ड तोड़ दिए।

Image

प्रसिद्ध कृष्णा

Photo : AP

चेन्नई: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने शनिवार को अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में अपनी गेंदबाजी से कहर परपा दिया। कृष्णा ने पारी की शुरुआत में एक-एक करक अफगानिस्तान के चार बल्लेबाजों को 4.2 ओवर में 5 रन देकर चलता कर दिया। अफगानिस्तान ने 36 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। चारों विकेट प्रसिद्ध कृष्णा के खाते में गए। इसके बाद उन्होंने मैच में अपने स्पेल का अंत 8.2 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट के साथ किया और अफगानिस्तान को 218 रन पर ढेर करने में अहम भूमिका अदा की।

तोड़ा रवि रामपॉल का 15 साल पुराना रिकॉर्ड

प्रसिद्ध कृष्णा ने अपनी घातक गेंदबाजी के बल पर चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में एकदिवसीय क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 15 साल पहले ये रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के रवि रामपॉल के नाम दर्ज था। उन्होंने भारतीय टीम के खिलाफ साल 2011 में चेपॉक में 51 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे। वहीं पाकिस्तान के अकीब जावेद ने इसी मैदान पर 1997 में 61 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए थे। इन दोनों खिलाड़ियों का रिकॉर्ड प्रसिद्ध कृष्णा ने 23 रन देकर 5 विकेट के साथ तोड़ दिया है।

अजीत आगकर का भी तोड़ा रिकॉर्ड

प्रसिद्ध कृष्णा ने अपनी धातक गेंदबाजी के बल पर अजीत आगरकर का चेन्नई में वनडे क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का भारतीय रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। मौजूदा चीफ सिलेक्टर आगरकर ने साल 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में 34 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। कृष्णा चेन्नई में वनडे में पांच विकेट झटकने वाले पहले भारतीय गेंदबाज भी बन गए हैं।

टॉप-5 बैटर का शिकार करने वाले बॉलर

प्रसिद्ध कृष्णा वनडे मैच में टॉप-5 बल्लेबाजों का शिकार करने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। उनका नाम मनोज प्रभाकर और मोहम्मद शमी के साथ दर्ज हो गया है। मनोज प्रभाकर ने साल 1994 में हैदराबाद में श्रीलंका के टॉप-5 बल्लेबाजों का शिकार किया था। वहीं मोहम्मद शमी ने साल 2023 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन वापस भेजा था। अब यही कारनामा प्रसिद्ध कृष्णा ने अफगानिस्तान के खिलाफ चेन्नई में कर दिखाया है। उन्होंने रहमानुल्लाह गुरबाज, इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, हश्मतउल्लाह शाहीदी, दारविश रसूली का शिकार किया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article