स्पोर्ट्स

CWG 2026: ग्लास्गो में गोल्ड पंच जड़ने से चूकीं लवलीना बोरगोहेन, सिल्वर मेडल से करना पड़ा संतोष

भारत की स्टार बॉक्सर और ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 75 किलो भारवर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम करने में नाकाम रहीं।

Image

लवलीना बोरगोहेन (फोटो क्रेडिट AI Generated)

ग्लास्गो: भारत की स्टार बॉक्सर और ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 75 किलो भारवर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम करने में नाकाम रहीं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया की एमा सु ग्रीनट्री के खिलाफ फाइनल मुकाबले में हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। यह राष्ट्रमंडल खेलों में उनका पहला पदक है। यह भारत का मौजूदा राष्ट्रमंडल खेलों में बॉक्सिंग में मिला दूसरा सिल्वर मेडल और कुल सातवां पदक है। इससे पहले भारत पांच गोल्ड मेडल अपने नाम कर चुका है। लवलीना से जादुमणि सिंह भी गोल्ड मेडल जीतने में नाकाम रहे थे।

कांटे की टक्कर में मिली लवलीना को हार

दुनिया की नंबर चार बॉक्सर एमा सु ग्रीनट्री और सातवें नंबर की मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन के बीच पहले राउंड में ही कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहले राउंड में लवलीना 1-4 से पिछड़ गईं। केवल एक जज ने उनके पक्ष में फैसला दिया। इसके बाद दूसरे राउंड में लवलीना ने शानदार वापसी करते हुए 4-1 के अंतर से बराबरी कर ली। ऐसे में मुकाबला तीसरे और आखिरी राउंड में पहुंचा जहां दोनों के बीच शानदार भिड़ंत हुई और अंत में बाजी 4-1 से ऑस्ट्रेलियाई बॉक्सर ने मारी और गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। अंतिम स्कोर 29-28, 30-27, 27-30, 29-28, 29-28 रहा। मामूली अंतर से लवलीना स्वर्ण पदक जीतने से चूक गईं।

35 हुई भारत के पदकों की संख्या, चौथे पायदान पर पहुंचा

अरुंधति चौधरी के गोल्ड मेडल के साथ ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के पदकों की संख्या 35 हो गई है। भारत की झोली में 11 गोल्ड, 16 सिल्वर और 8 कांस्य पदक आ चुके हैं। बॉक्सिंग रिंग में भारत के खाते में 5 गोल्ड और दो सिल्वर सहित कुल 7 मेडल आ गए हैं। तीन गोल्ड मेडल मुकाबले अभी बाकी हैं। पदक तालिका में भारत चौथे पायदान पर पहुंच गया है। भारत अब पदकों के मामले में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और कनाडा से पीछे है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article