स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि 4 नवंबर से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में रोहित शर्मा के मुकाबले विराट कोहली के शतक लगाने के चांस थोड़े ज्यादा हैं। उन्होंने बताया कि कोहली नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हैं, जहां वे एक 'एंकर' (पारी को संभालने वाले) की भूमिका निभा सकते हैं। वहीं, न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में रोहित की आक्रामक 'पावरप्ले' वाली भूमिका बदल सकती है, जिससे दोनों बल्लेबाजों के लिए मौके बन सकते हैं।
जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर पुजारा ने कहा, 'रोहित जिस तरह से बल्लेबाजी करते हैं, उसमें उनकी भूमिका पावरप्ले में टीम को अच्छी शुरुआत देने की होती है। न्यूजीलैंड में शायद यह भूमिका बदल जाए, जिससे वे शतक की ओर बढ़ सकें। लेकिन विराट के मामले में चांस थोड़े ज्यादा हैं क्योंकि वे नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हैं। उनका खेल पारी को संभालने (एंकर रोल) वाला है। इसलिए, नंबर 3 पर आने वाले बल्लेबाज के लिए वनडे फॉर्मेट में शतक लगाना थोड़ा आसान हो जाता है। ओपनर की भूमिका भी तय होती है, लेकिन न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में यह थोड़ी बदल जाती है। इसलिए, मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड में रोहित के मुकाबले विराट के शतक लगाने के चांस ज्यादा हैं।
भारत के ये दोनों दिग्गज बल्लेबाज हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज में शानदार फॉर्म में रहे हैं। रोहित शर्मा ने तीन पारियों में 75.00 की औसत और 115 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 225 रन बनाए। इसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था और उनका सर्वोच्च स्कोर 101 रन रहा। वहीं, विराट कोहली ने तीन पारियों में 168 रन बनाए। इसमें पहले मैच में 296 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए खेली गई उनकी शानदार नाबाद 139 रनों की पारी (सिर्फ 88 गेंदों पर) सबसे खास रही।
सीरीज के रिजल्ट को लेकर की भविष्यवाणी
पुजारा ने आगामी भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के 2-2 से बराबर रहने की भविष्यवाणी भी की। उन्होंने कहा कि पांच मैचों की इस सीरीज में भारतीय टीम में होने वाले बदलाव न्यूजीलैंड के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं। उन्होंने पहले तीन वनडे मैचों में भारत के अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई, लेकिन साथ ही कहा कि आखिरी दो मुकाबले ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। पुजारा ने यह भी कहा कि न्यूजीलैंड में बारिश की वजह से एक मैच धुल सकता है।
उन्होंने कहा, दो-दो की बराबरी। पहले तीन मैचों में एक टीम खेल रही है और फिर आखिरी दो मैचों में एक अलग भारतीय टीम खेलेगी। इसलिए, मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड को थोड़ा फायदा है, क्योंकि आप सभी पांच मैचों में एक ही टीम के खिलाफ नहीं खेल रहे हैं। मुझे अभी भी भरोसा है कि पहले तीन मैचों में भारतीय टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी। आखिरी दो मैच थोड़े चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, लेकिन यह एक कड़ा मुकाबला होगा। और न्यूजीलैंड में बारिश होती रहती है, इसलिए शायद एक मैच बारिश की भेंट चढ़ जाए।
