स्पोर्ट्स

CWG 2026: सचिन सिवाच भी फाइनल में पहुंचे, एक और सिल्वर मेडल हुआ पक्का, अब सोने पर नजर

भारतीय मुक्केबाज सचिन सिवाच ने वेल्स के हैरिस ऐलन को पुरुषों के 60 किलो भारवर्ग में पटखनी देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सिल्वर मेडल पक्का करने के बाद अब उनकी नजर गोल्ड मेडल हासिल करने पर होगी।

Image

सचिन सिवाच (फोटो क्रेडिट AI Generated)

ग्लास्गो: सचिन सिवाच ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए वेल्स के ओवेन हैरिस-एलन को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में पूर्व यूथ वर्ल्ड चैंपियन सचिन सिवाच पूरी तरह से हावी रहे। इस जीत के साथ ही उन्होंने भारत के लिए कम से कम रजत पदक (Silver Medal) पक्का कर लिया है और अब वे स्वर्ण पदक के मुकाबले में अपनी चुनौती पेश करेंगे। सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने एकतरफा जीत दर्ज की। पांचों जजों ने उनके पक्ष में सर्वसम्मति (Unanimous Decision) से 5-0 से फैसला सुनाया।

शानदार रहा है सिवाच का ग्लास्गो में प्रदर्शन

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में सचिन सिवाच का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में कनाडा के केओमा अल-अहमदिया को 4-1 से हराया। इसके बाद उन्होंने राउंड ऑफ 16 में इंग्लैंड के विलियम हेविट को 4-1 से शिकस्त दी। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बोत्सवाना के ट्रेजर मोरेमी को एकतरफा अंदाज में 5-0 से हराकर सिवाच ने सेमीफाइनल में एंट्री की थी। अब एक तरफा अंदाज में सेमीफाइनल में जीत दर्ज करके सिवाच ने गोल्ड मेडल पर अपनी दावेदारी और पक्की कर दी है।

फाइनल में पहुंचे 10 के दस भारतीय मुक्केबाज

शुक्रवार को राष्ट्रमंडल खेलों में बॉक्सिंग के 10 सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय बॉक्सरों ने जीत दर्ज करके फाइनल में एंट्री कर ली। सचिन सिवाच के अलावा प्रीति पवार(विमेंस 54 किग्रा), अंकुश पंघल(पुरुष 80 किग्रा), जैस्मिन लंबोरिया(विमेंस 57 किग्रा), अरुंधति चौधरी (विमेंस 70 किग्रा), जादुमणि सिंह (पुरुष 55 किग्रा), साक्षी चौधरी( विमेंस 51 किग्रा), प्रिया घंघास(विमेंस 60 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन( विमेंस 75 किग्रा), नरेंदर बेरवाल(90 किग्रा) गोल्ड मेडल जीत के दावेदार हैं। भारत का यह राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article