नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज रिकी पॉन्टिंग का मानना है कि अगले महीने होने वाले विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में विराट कोहली के विकेट पर ऑस्ट्रेलिया के हर गेंदबाज की नजरें होंगी चूंकि उसका आत्मविश्वास आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद काफी बढ़ा है। सात जून से इंग्लैंड के ओवल पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के पूर्वावलोकन के मौके पर ऑस्ट्रेलिया के सफलतम पूर्व कप्तान ने कहा, 'एक महीने पहले बेंगलोर में आईपीएल मैच के दौरान मेरी विराट से बात हुई और उसने बताया कि वह महसूस कर रहा है कि अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौट आया है।'
बेहतरीन होगी फाइनल मुकाबला
कोहली ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बृहस्पतिवार को खेले गए मैच में आईपीएल में अपना छठा शतक जड़ा और अब तक 13 मैचों में 538 रन बना चुके हैं। विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की गदा के अनावरण के मौके पर पॉन्टिंग ने कहा, 'मुझे यकीन है कि ऑस्ट्रेलिया के सभी गेंदबाजों की नजरें उसके विकेट पर होगी। फाइनल मुकाबला भारत के शीर्षक्रम और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों के बीच रहेगा और बेहतरीन टेस्ट क्रिकेट की सौगात मिलेगी।'
बुमराह की टीम इंडिया को खलेगी कमी
उन्होंने कहा कि भारत को तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की कमी खलेगी। उन्होंने कहा, 'भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ी चोटिल है। केएल राहुल नहीं है और बुमराह की कमी भी खलेगी। लेकिन मोहम्मद शमी फॉर्म में है और उम्मीद है कि दोनों टीमें अपनी सर्वश्रेष्ठ एकादश उतार सकेंगी वरना क्रिकेटप्रेमियों को बहुत निराशा होगी।'
ऑस्ट्रेलिया को मिलेगा इस बात का फायदा
दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच पॉटिंग आईपीएल में शनिवार को दिल्ली के आखिरी मैच के बाद अब इस मैच की कमेंट्री करते नजर आयेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ओवल की पिच घरेलू पिचों की तरह होने के कारण ऑस्ट्रेलिया को फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा, 'ओवल के हालात ऑस्ट्रेलिया के अनुकूल हैं और मुझे लगता है कि इसका फायदा ऑस्ट्रेलियाई टीम को मिलेगा। आम तौर पर समझा जाता है कि मुकाबला भारतीय स्पिनरों और ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों के बीच होगा लेकिन ओवल की पिच शुरूआत में बल्लेबाजों के अनुकूल रहती है और तीसरे चौथे दिन से स्पिनरों की भूमिका होती है।'
भारतीय खिलाड़ी मैच प्रैक्टिस और कंगारू मानसिक तैयारी के साथ उतरेंगे
डब्ल्यूटीसी फाइनल खेलने वाले भारत के करीब दर्जन भर खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं जबकि ऑस्ट्रेलिया के सिर्फ चार खिलाड़ी इस लीग में हैं। आईपीएल से तैयारियों पर असर के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि हर चीज को देखने के दो पहलू हैं। उन्होंने कहा, 'इसे दो तरह से देखा जा सकता है। विराट आईपीएल में लगातार रन बना रहा है और उसका आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है जबकि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर इतना अधिक नहीं खेले हैं लेकिन मानसिक तैयारी के साथ उतरेंगे। उन्होंने हालांकि पिछले कुछ अर्से में रन नहीं बनाये हैं और ना ही विकेट लिये हैं।'
भारतीय खिलाड़ी भी कर रहे हैं फाइनल की तैयारी
पॉन्टिंग ने कहा, 'यहां खेल रहे भारतीय खिलाड़ी सिर्फ आईपीएल के बारे में ही नहीं सोच रहे होंगे। निश्चित तौर पर उनके कार्यभार प्रबंधन का पूरा ख्याल रखा जा रहा होगा और अब प्लेऑफ तथा फाइनल ही बचा है तो खिलाड़ियेां के पास आराम का पर्याप्त समय है। स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन इग्लैंड में हैं और हालात के अनुकूल ढल रहे हैं। सीन एबोट और माइकल नेसेर भी वहीं हैं ताकि किसी तेज गेंदबाज को चोट लगने पर वे तैयार रहें।'
टेस्ट क्रिकेट है असली कसौटी
टेस्ट क्रिकेट को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने कहा, 'जब मैं स्कूल में था तो जल्दी घर भागकर आता था ताकि टेस्ट मैच देख सकूं। मेरे लिये टेस्ट क्रिकेट से बढ़कर कुछ नहीं और खेल को अलविदा कहने के बाद टेस्ट और प्रथम श्रेणी में आपकी उपलब्धियां काफी संतोष देती हैं।आजकल टी20 का बोलबाला है लेकिन असली कसौटी टेस्ट ही है। मैं खुशकिस्मत हूं कि 168 टेस्ट खेल सका।'
भारत है ऑस्ट्रेलिया का असली प्रतिद्वंद्वी
भारत और ऑस्ट्रेलिया की प्रतिद्वंद्विता को बड़ी बताते हुए उन्होंने कहा, 'पिछले दो दशक में हमने देखा है कि यह क्रिकेट में सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विताओं में से एक रही है। मैंने अपनी कुछ सर्वश्रेष्ठ पारियां भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया में खेली है जिनमें एडीलेड और मेलबर्न में लगातार दो दोहरे शतक शामिल हैं।'
रोहित की कप्तानी पर है भरोसा
रोहित शर्मा की कप्तानी के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस में रहने के दौरान उन्होंने रोहित को करीब से देखा है और वह अपने खिलाड़ियों का पूरा ध्यान रखता है। उन्होंने कहा, 'कप्तानी मैदान पर 50 प्रतिशत और बाकी उसके बाहर होती है। मैं रोहित को मुंबई इंडियंस के समय से जानता हूं जब मैंने कप्तानी छोड़ने के बाद उसे कमान सौंपने की सलाह दी थी। वह अपने खिलाड़ियों का पूरा ध्यान रखता है और मुझे यकीन है कि उन्हें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिये प्रेरित करेगा।'
