क्रिकेट

WPL 2026: विमेंस प्रीमियर लीग में जल्द ही नई टीम की होगी एंट्री, पार्थ जिंदल ने दिया हिंट

WPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स के सह मालिक पार्थ जिंदल का मानना है कि आने वाले समय में महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में ‘एक या दो नयी टीम’ का जुड़ना तय है जिससे भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को लीग को ‘होम एंड अवे’ प्रारूप में खिलाने का मौका मिल सकता है।

Image

विमेंस प्रीमियर लीग (फोटो- WPLT20)

WPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल का मानना है कि आने वाले समय में महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में 'एक या दो नई टीमों' का जुड़ना तय है, जिससे भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को अंततः लीग को 'होम एंड अवे' (घरेलू और बाहरी) प्रारूप में आयोजित करने का मौका मिल सकता है। बीसीसीआई ने डब्ल्यूपीएल के चौथे सत्र (9 जनवरी से) में 'कैरेवैन' प्रारूप को बरकरार रखते हुए पाँच टीमों की लीग को नवी मुंबई और वडोदरा तक सीमित रखा है।

'कैरेवैन' आदर्श नहीं, बड़ा विंडो चाहिए

जिंदल ने पीटीआई को दिए एक बयान में कहा कि वह चाहते हैं कि डब्ल्यूपीएल भी पुरुष इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तरह घरेलू और प्रतिद्वंद्वी टीम के मैदान पर खेला जाए। उन्होंने स्वीकार किया कि मौजूदा 'कैरेवैन' मॉडल अभी ठीक है, लेकिन यह आदर्श नहीं है।

उन्होंने कहा, "हम डब्ल्यूपीएल को 'होम एंड अवे' प्रारूप में देखना पसंद करेंगे। यह 'कैरेवैन' प्रारूप ठीक है, लेकिन आदर्श नहीं है। मुझे यकीन है कि बीसीसीआई इस पर काम कर रहा है।" जिंदल ने बीसीसीआई के सामने आने वाली विंडो की चुनौती को समझा, लेकिन उम्मीद जताई कि आने वाले समय में डब्ल्यूपीएल के लिए बड़ा और लंबा विंडो मिलेगा।

नई टीमों से होगा फॉर्मेट में बदलाव

पार्थ जिंदल को पूरा विश्वास है कि लीग में जल्द ही टीमों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे फॉर्मेट में बदलाव संभव होगा।उन्होंने कहा, "और यह तय है कि आगे एक या दो नई टीमें आएंगी। यही वजह है कि यह चक्र इतना छोटा है कि 14 महीनों में दो डब्ल्यूपीए आयोजित हो रही हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि बीसीसीआई एक टीम जोड़ने की योजना बना रहा है और शायद उसके साथ ही हम 'होम एंड अवे' मॉडल में जा सकें जो खेल प्रेमियों, खेल और डब्ल्यूपीएल के विकास तीनों के लिए आदर्श होगा।"

जिंदल का यह बयान इस बात की ओर इशारा करता है कि लीग में 6 या 7 टीमें होने पर बीसीसीआई को आईपीएल की तरह पूर्ण 'होम एंड अवे' मॉडल अपनाने का अवसर मिल सकता है।

सही समय पर निवेश

जिंदल ने यह भी कहा कि हाल ही में भारत की महिला वनडे विश्व कप जीत से महिला क्रिकेट की लोकप्रियता अभूतपूर्व स्तर पर पहुंचेगी। उन्होंने खुशी जताई कि उन्होंने सही समय पर डब्ल्यूपीएल में निवेश किया।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article