क्रिकेट

विकेटकीपिंग में हाथ आजमा रहे यशस्वी जायसवाल को वसीम जाफर ने दी दो टूक सलाह

पूर्व भारतीय टेस्ट क्रिकेटर और मुंबई के कप्तान वसीम जाफर ने विकेटकीपिंग में हाथ आजमा रहे यश्स्वी जायसवाल को अपने बेबाक अंदाज में दो टूक सलाह दी है।

Image

वसीम जाफर और यशस्वी जायसवाल (फोटो क्रेडिट AI Generated/News Room Verified)

नई दिल्ली: भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाल और मुंबई के दिग्गज क्रिकेटर वसीम जाफर ने 24 वर्षीय यशस्वी जायसवाल के विकेटकीपिंग का अभ्यास करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्हें अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी है। मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने गुरुवार को बताया था कि जायसवाल बल्लेबाजी और लेग स्पिन के अलावा अतिरिक्त कौशल के तौर पर विकेटकीपिंग पर भी काम कर रहे हैं। रणजी ट्रॉफी के 2026-27 सत्र से पहले उनके विकेट के पीछे अभ्यास करने की तस्वीरें भी सामने आई थीं।

जायसवाल को क्यों महसूस हो रही है विकेटकीपिंग की जरूरत

जाफर ने अपने 'यूट्यूब चैनल' पर कहा कि अगर किसी खिलाड़ी ने बचपन से विकेटकीपिंग नहीं की है, तो इस भूमिका को अपनाना उसके लिए काफी मुश्किल हो सकता है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सीमित ओवरों की भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए जायसवाल को विकेटकीपिंग की जरूरत क्यों महसूस हो रही है, जबकि इस भूमिका के लिए ईशान किशन, संजू सैमसन और ऋषभ पंत जैसे विकल्प मौजूद हैं।

विकेटकीपिंग करने से कहां मिलेगी जगह

जाफर ने कहा,'जब मैंने यह सुना तो मुझे खुद हैरानी हुई। अगर आपने बचपन से विकेटकीपिंग नहीं की है, तो यह बहुत मुश्किल काम है। यह काफी थकाने वाली जिम्मेदारी भी है। वह अगर विकेटकीपिंग शुरू भी कर देते हैं, तो उन्हें जगह कहां मिलेगी? किशन, सैमसन और पंत मौजूद हैं। मुझे लगता है कि वह सफेद गेंद के क्रिकेट में जगह बनाने के लिए ऐसा करना चाहते हैं।'

टेस्ट में विकेटकीपिंग है चुनौतीपूर्ण काम

रणजी ट्रॉफी में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज जाफर का मानना है कि टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपिंग करना बेहद चुनौतीपूर्ण है। उनके मुताबिक, इस भूमिका के लिए जरूरी कौशल को कम समय में विकसित करना आसान नहीं है। उन्होंने अगले महीने होने वाले भारत के न्यूजीलैंड दौरे से पहले जायसवाल को अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देने की सलाह दी।

बल्लेबाजी पर देना चाहिए ध्यान

जाफर ने कहा, 'टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपिंग करना बहुत मुश्किल है। मुझे लगता है कि यह कुछ हद तक मजाक जैसा है, क्योंकि अगर आपने बचपन से विकेटकीपिंग नहीं की है, तो यह आसान काम नहीं है। यह ऐसा कौशल नहीं है, जिसे आप बहुत कम समय में विकसित कर सकते हैं। मुझे लगता है कि वह सीमित ओवरों की टीम में जगह पाने के लिए कुछ ज्यादा ही जल्दबाजी कर रहे हैं। उन्हें रणजी ट्रॉफी और न्यूजीलैंड दौरे से पहले अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देना चाहिए।'

चंडीगढ़ के खिलाफ खेलेंगे रणजी मुकाबला

जायसवाल रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ मुंबई के रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले में खेलेंगे। राष्ट्रीय टीम से जुड़ी प्रतिबद्धताओं के कारण वह इसके बाद होने वाले मुंबई के अगले मैच में नहीं खेल पाएंगे। बताया जा रहा है कि घरेलू सत्र से पहले मुंबई के एक अभ्यास मैच में उन्होंने करीब 10 ओवर तक विकेटकीपिंग भी की थी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article