न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 टीम में 4 साल के लंबे इंतजार के बाद तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने वापसी की। अजीत अगरकर के कार्यकाल के बाद जैसे ही नए सेलेक्टर ने टीम चुनी, उसमें भुवनेश्वर कुमार थे। भुवी ने पिछले दो आईपीएल सीजन में आरसीबी को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा उन्होंने यूपी टी20 लीग में भी शानदार गेंदबाजी की थी। भुवी की वापसी ने एक और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी की उम्मीदें जगा दी हैं, जो लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं। अजीत अगरकर के रहते शमी ने कई बार अपने सेलेक्शन पर प्रतिक्रिया दी थी जो शायद उनके लिए ना चुने जाने का कारण बन गया था।
शमी ने वापसी पर दी प्रतिक्रिया
अब जब भुवनेश्वर के बारे में सेलेक्टर ने सोचा तो शमी के लिए भी उम्मीद के दरवाजे खुल गए। पहली बार उन्होंने भुवनेश्वर के सेलेक्शन और अपनी वापसी पर प्रतिक्रिया दी है। रेवस्पोर्ट्स से बात करते हुए शमी ने कहा 'वस्पोर्ट्ज़ के हवाले से शमी ने अपने चयन के बारे में पूछे जाने पर कहा, "भुवनेश्वर कुमार को भारत के लिए खेलने का मौका मिला है, और यह उनके लिए अच्छी बात है। लेकिन उनके चयन से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मुझे जहां भी खेलने का मौका मिलेगा, मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा। फिलहाल मेरा पूरा ध्यान रणजी मैच पर है। पिछले दो-तीन सालों से मेरे साथ यही होता आ रहा है। मैंने अच्छा प्रदर्शन किया है और बंगाल के लिए अपनी फिटनेस साबित की है। अगर मुझे दोबारा भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिलता, तो यह मेरा नुकसान नहीं है।
चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल था आखिरी मैच
मोहम्मद शमी ने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला मार्च 2025 में खेला था जब चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में टीम इंडिया, न्यूजीलैंड के खिलाफ उतरी थी। इस मुकाबले में शमी ने 9 ओवर की गेंदबाजी की थी और 74 रन देकर एक विकेट चटकाया था। चैंपियंस ट्रॉफी की बात करें तो 5 मैच की 5 पारी में शमी ने कुल 9 विकेट झटके थे।
