क्रिकेट

MI vs GG WPL 2025 Eliminator Match Preview: वीमेंस प्रीमियर लीग में मुंबई और गुजरात के बीच भिड़ंत, जानिए मैच से जुड़ी हर जानकारी

MI vs GG WPL 2025 Eliminator Match Preview: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL 2025) का नॉकआउट मुकाबला गुरुवार से शुरू होने जा रहा है। लीग के एलिमिनेटर मुकाबले में एक बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस रोमांचक मैच से जुड़ी हर जानकारी यहां देखें।

Image

मुंबई इंडियंस टीम की खिलाड़ी। (साभार- WPL)

MI vs GG WPL 2025 Eliminator Match Preview: हरमनप्रीत कौर की मुश्किल परिस्थितियों में आगे बढ़कर नेतृत्व करने की अद्भुत क्षमता के कारण मुंबई इंडियंस की टीम गुजरात जॉइंट्स के खिलाफ गुरुवार को होने वाले महिला प्रीमियर लीग (WPL 2025) क्रिकेट टूर्नामेंट के एलिमिनेटर में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी। दिल्ली कैपिटल्स की टीम लीग चरण में सर्वाधिक 10 अंक लेकर पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है। ऐसे में अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाने के लिए निगाहें भारत की कप्तान हरमनप्रीत और गुजरात जॉइंट्स की कप्तान एशले गार्डनर पर टिकी हैं।

यह मैच ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जाएगा और मुंबई इंडियंस की टीम घरेलू परिस्थितियों का पूरा लाभ उठाने की कोशिश करेगी। मुंबई ने सोमवार को इसी मैदान पर लीग चरण के मैच में गुजरात को नौ रन से हराया था। इस मैच में हरमनप्रीत ने 33 गेंद पर 54 रन की तूफानी पारी खेली थी। मुंबई इंडियंस के अपनी टीम में किसी तरह का बदलाव करने की संभावना नहीं है। हेली मैथ्यूज ने उन्हें अच्छी शुरुआत दी है और साथ ही अपनी ऑफ स्पिन से विरोधी टीम को परेशान भी किया है।

वेस्टइंडीज की इस ऑलराउंडर ने गुजरात के खिलाफ लीग चरण के दोनों मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था और वह फिर से मैच विजेता बन सकती है। गुजरात के खिलाफ पिछले दोनों मैच में उन्होंने तीन-तीन विकेट लिए। मुंबई इंडियंस के लिए बल्लेबाजी में नैट साइवर-ब्रंट ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने आठ मैच में 416 रन बनाए हैं और वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज है। गुजरात के गेंदबाजों को उन पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से भी अच्छा योगदान दिया है।

मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत इस सत्र में अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई है लेकिन गुजरात के खिलाफ सोमवार को खेले गए मैच में अर्धशतक बनाने से उनका मनोबल बढ़ा होगा। गुजरात जॉइंट्स की कप्तान गार्डनर इस बात को अच्छी तरह से समझती हैं कि मुंबई को हराना आसान नहीं होगा और उसके लिए उनके खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा।

गार्डनर के लिए यह सत्र अभी तक उतार चढ़ाव वाला रहा है। इसके बावजूद वह 235 रन बनाने में सफल रही। मुंबई के खिलाफ पिछले मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाई थी और अब उन पर बड़ा स्कोर बनाने का दबाव होगा। गुजरात की तरफ से बल्लेबाजी में हरलीन देओल ने अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने विषम परिस्थितियों में अच्छी पारियां खेलकर अपनी टीम को इस मुकाम पर पंहुचाने में अहम भूमिका निभाई है।

मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स की टीम इस प्रकार

मुंबई इंडियंस: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नादिन डी क्लर्क, संस्कृति गुप्ता, सैका इशाक, शबनीम इस्माइल, जिन्तिमनी कलिता, जी कमलिनी, अमनदीप कौर, अमनजोत कौर, एस. कीर्तन, अमेलिया केर, अक्षिता माहेश्वरी, हेली मैथ्यूज, सजीवन सजना, नैट साइवर-ब्रंट, पारुनिका सिसौदिया, क्लो ट्राईटन।

गुजरात जॉइंट्स: एशले गार्डनर (कप्तान), हरलीन देयोल, डिआंड्रा डॉटिन, भारती फुलमाली, काशवी गौतम, डेनिएल गिब्सन, दयालन हेमलता, तनुजा कंवर, मन्नत कश्यप, फोबे लिचफील्ड, मेघना सिंह, बेथ मूनी, प्रकाशिका नाइक, प्रिया मिश्रा, सयाली सतघरे, शबनम शकील, सिमरन शेख, लौरा वोल्वार्ड्ट।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article