क्रिकेट

World Cup 2023, NZ vs SA Pitch Report, Weather: न्यूजीलैंड-दक्षिण अफ्रीका मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का पूरा हाल, यहां जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Nov 1, 2023, 08:00 AM IST

World Cup 2023 Match 32, NZ vs SA Pitch Report MCA Stadium and Pune weather forecast Today: आज (1 November 2023) विश्व कप 2023 में 32वां मुकाबला खेला जाना है। ये मैच दो धाकड़ टीमों के बीच होगा। आमने-सामने होंगी न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका। मैच पुणे में होगा। जानिए इस मैच की पिच रिपोर्ट और आज कैसा होगा पुणे का मौसम।

Image

न्यूजीलैंड-दक्षिण अफ्रीका मैच पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023
  • आज न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका का मैच
  • पुणे के एमसीए स्टेडियम में होगा मुकाबला

World Cup 2023, NZ (New Zealand) vs SA (South Africa) ODI Pitch Report MCA Stadium, Pune Weather Forecast Today: वनड क्रिकेट विश्व कप 2023 में आज का मुकाबला दो बड़ी टीमों के बीच होगा। आमने-सामने होंगी दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें। दोनों ही टीमें इस समय अंक तालिका के टॉप-4 के बीच में मौजूद हैं और सेमीफाइनल में जाने का उनका रास्ता साफ नजर आ रहा है। लेकिन आज के नतीजे से कुछ टीमों के समीकरण जरूर बदलते नजर आ सकते हैं। आज का मैच पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेला जाएगा।

अब तक विश्व कप 2023 में दोनों टीमों के प्रदर्शन की बात की जा तो दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अब तक 6 मुकाबले खेले हैं और उसमें 5 जीत हासिल की हैं और एक हार मिली है। इसके साथ वो 10 अंक लेकर अंक तालिका में दूसरे पायदान पर हैं। वहीं दूसरी तरफ है न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम जिसने अब तक 6 मैच खेले हैं और उनमें 4 मैचों में जीत दर्ज की है और 2 मैच गंवाए हैं। इसके साथ वो 8 अंक लेकर अंक तालिका में तीसरे पायदान पर हैं। दोनों टीमों के तीन-तीन मुकाबले बाकी हैं और सेमीफाइनल की राह उनके लिए कठिन नहीं होने वाली।

वनडे क्रिकेट और विश्व कप में आमने-सामने के आंकड़े

वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 71 वनडे मैच खेले जा चुके हैं। इन मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका को 41 मैचों में जीत मिली है जबकि न्यूजीलैंड को 25 जीत से संतोष करना पड़ा है। वहीं 5 मैच बेनतीजा रहे थे। अगर बात करें वनडे विश्व कप इतिहास की तो उसमें इन दो टीमों की भिड़ंत 8 बार हो चुकी है और यहां न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी दिखता है। न्यूजीलैंड ने इन 8 विश्व कप मैचों में दक्षिण अफ्रीका को 6 बार मात दी, जबकि दक्षिण अफ्रीका सिर्फ 2 जीत हासिल कर पाई।

दक्षिण अफ्रीका-न्यूजीलैंड मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (NZ vs SA Pitch Report)

आज का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पुणे के एमसीए स्टेडियम में आयोजित होने जा रहा है। इस मैदान की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद देखी गई है, ऐसे में रनों की बारिश की उम्मीद की जा सकती है क्योंकि दोनों ही टीमों में एक से एक धाकड़ बल्लेबाज हैं जो इस पूरे विश्व कप में लय में नजर भी आए हैं। इसके अलावा यहां काफी बाउंस भी मिलता है जिससे तेज गेंदबाजों को कुछ फायदा मिलता देखा जा सकता है। अब तक यहां इस विश्व कप में दो मुकाबले खेले जा चुके हैं और दोनों ही मैचों की चारों पारियों में स्कोर 250 के करीब रहा था। सिर्फ एक ही पारी ऐसी थी जब अफगानिस्तान ने श्रीलंका को 241 रन पर ऑलआउट करके बाद में 7 विकेट से वो मैच जीता था। अब अफगानिस्तान जैसी स्पिनर्स आधारित टीम को भी जब यहां जीत मिली तो उनके पेसर फजलहक फारुकी ही चार विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच बने थे। ऐसे में तेज गेंदबाजों को नजरअंदाज करना गलत होगा।

आज कैसा रहेगा पुणे का मौसम? (Pune Weather Today)

मैच पुणे में खेला जा रहा है जहां का मौसम आमतौर पर सुहावना ही रहता है। ऐसे में आज की स्थिति कैसी रहेगी आइए जानते हैं। सबसे पहली और अहम बात कि आज पुणे में बारिश के कोई आसार नहीं हैं जो खिलाड़ियों और फैंस के लिए राहत की बात होगी। मैच दोपहर दो बजे शुरू होगा और धूप तेज रहेगी हालांकि बादलों की आवाजाही भी जारी रहेगी जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है। उमस काफी रहने वाली है और शाम को ओस भी गिर सकती है, अगर ओस गिरती है तो टॉस जीतने वाली टीम को पहले गेंदबाजी करने का फैसला सही रहेगा। आज पुणे के तापमान की बात करें तो ये अधिकतम 33 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।

न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम: टॉम लाथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, विल यंग, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, ईश सोढी, टिम साउथी, ट्रेंट बोल्ट, लॉकी फर्ग्युसन, मैट हेनरी, जेम्स नीशाम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिशेल सेंटनर।

दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), गेराल्ड कोएट्जी, क्विंटन डिकॉक, रीजी हेंड्रिक्स, मार्को जेनसन, हेनरिक क्लासेन, केशव महाराज, कागिसो रबादा, तबरेज शम्सी, रेस वान डेर डुसेन, लिजाद विलियम्स, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी और एंडिले फेहलुकवायो।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article