क्रिकेट

World Cup 2023: अफगानिस्तान के खिलाफ हार ने बिगाड़े इंग्लैंड के सेमीफाइनल में पहुंचने के समीकरण

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Oct 15, 2023, 10:38 PM IST

England Cricket Team's Semi Finals equations: अफगानिस्तान के खिलाफ विश्व कप 2023 के मुकाबले में 69 रन के अंतर से हार का सामना करने के बाद मौजूदा विश्व चैंपियन इंग्लैंड के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को तगड़ा झटका लगा है। जोस बटलर की टीम के सामने ऐसे हैं अब समीकरण।

Image

इंग्लैंड क्रिकेट टीम

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • इंग्लैंड को मिली तीन मैच में दूसरी हार
  • अंक तालिका में एक जीत के साथ पहुंचा तीसरे पायदान पर
  • हार के बाद निगेटिव हुआ इंग्लैंड का नेट रन रेट

नई दिल्ली: जोस बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड क्रिकेट टीम को विश्व कप 2023 के पहले और सबसे बड़े उलटफेर का शिकार होना पड़ा है। हश्मतउल्लाह शाहीदी की कप्तानी वाली अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने विश्व कप 2023 के 13वें मुकाबले में 69 रन से मात दी। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तानी टीम ने सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज की 80 , इकराम अलीखिल की 58 रन की पारी की बदौलत 49.5 ओवर में 284 रन का स्कोर खड़ा किया। लेकिन लक्ष्य के लिए 285 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लिश बल्लेबाजो ने अफगानिस्तान की मजबूत स्पिन गेंदबाजी के सामने घुटने टेक दिए। इस करारी हार ने मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड के सेमीफाइनल की राह कठिन कर दी है।

तीन मैच में इंग्लैंड को मिली दूसरी हार

इंग्लैंड की टीम की यह विश्व कप 2023 के तीसरे मुकाबले में दूसरी हार है। विश्व कप 2023 के उद्धाटन मुकाबले में भी इंग्लैंड को न्यूजीलैंड के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद बांग्लादेश को हराकर इंग्लैंड की टीम जीत की राह पर वापस लौटी थी। लेकिन अफगानिस्तान ने इंग्लैंड की टीम को एक बार फिर परेशानी में डाल दिया है। उनके लिए सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल हो गया है।

इंग्लैंड को अब जीतने बाकी बचे 6 मैच

सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीमों को 9 में से कम से कम 7 मैच जीतने होंगे और नेट रन रेट को भी अच्छा रखना होगा। इंग्लैंड की टीम 3 मैच में 1 जीत और दो हार के साथ पांचवें पायदान पर है। उसका नेट रन रेट -0.084 है जो कि चिंता का विषय है। इंग्लैंड को बाकी बची 6 मैच में जीत के साथ-साथ नेट रन रेट को भी हाई रखना होगा। तभी उनके लिए सेमीफाइनल का दरवाजा खुल सकेगा। एक भी मैच में ऊंच-नीच उनका लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सपना तोड़ सकती है।

दक्षिण अफ्रीका से है अगली भिड़ंत

इंग्लैंड की अगली भिड़ंत 21 अक्टूबर को मुंबई में दक्षिण अफ्रीका के साथ है। दक्षिण अफ्रीकी टीम शानदार फॉर्म में है और तीन मैच में से तीन में जीत के साथ टूर्नामेंट में अच्छी शुरुआत के बाद तीसरे पायदान पर है। उन्हें हराना जोस बटलर की टीम के लिए आसान नहीं होगा। इस मैच में हार उन्हें शुरुआत में ही विश्व कप से बाहर कर देगी।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article