Prithvi Shaw And Akriti Agarwal Breakup: कभी भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे कहे जाने वाले पृथ्वी शॉ की निजी जिंदगी से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। उनकी मंगेतर आकृति अग्रवाल ने उनके साथ रिश्ता तोड़ने का ऐलान कर दिया है। आकृति ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करके इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों ने आपसी सहमति से अपनी सगाई खत्म करने का फैसला लिया है। गौरतलब है कि दोनों की इसी साल मार्च महीने में ही सगाई हुई थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से खबर आ रही थी कि दोनों का रिश्ता ठीक नहीं चल रहा है।
आकृति अग्रवाल ने पृथ्वी शॉ से तोड़ा रिश्ता
पृथ्वी शॉ और आकृति ने इसी साल मार्च महीने में अपनी सगाई को पब्लिक किया था। दोनों की सगाई की तस्वीरें और वीडियोज तब खूब वायरल हुई थीं और फैंस ने दोनों को बधाई भी दी थी। हालांकि, महज 6 महीनों के भीतर ही यह रिश्ता टूट गया। आकृति ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने भारी मन से अपना रिश्तान तोड़ने का फैसला लिया है। आकृति ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, "हमारी आगे की जिंदगी को लेकर सोच बिल्कुल अलग है। हमने बहुत कोशिश की, लेकिन अब समझ आ गया है कि हमारी राहें अलग-अलग हैं। हम दोनों एक-दूसरे की बहुत इज्जत करते हैं, फिर भी मौजूदा हालात और अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को देखते हुए अलग होना ही बेहतर लगा।"
आकृति अग्रवाल से मार्च में हुई थी सगाई
आकृति ने अपनी पोस्ट में यह भी अपील की कि इस मुश्किल घड़ी में लोग उनकी प्राइवेसी का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि इस फैसले के पीछे की वजहों को लेकर किसी भी तरह की अफवाह या अटकलबाजी न की जाए। साथ ही उन्होंने पृथ्वी के उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं और दोनों के लिए शांति और खुशी की कामना की। इससे पहले जुलाई महीने में भी आकृति ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी से तहलका मचा दिया था। आकृति ने तब अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से पृथ्वी शॉ के साथ सगाई की सभी तस्वीरें डिलीट कर दी थीं। इसके साथ ही उन्होंने पृथ्वी शॉ को अनफॉलो भी कर दिया था। तब आकृति ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा था, 'मुझे कई बार धोखा मिला, फिर भी मैंने कभी एक शब्द नहीं कहा। लेकिन एक कदम आगे बढ़ाने के बाद भी ऐसा होगा, इस पर अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है।'
