क्रिकेट

एशियन गेम्स में गोल्ड बचाने उतरेगी भारतीय महिला टीम, क्वार्टरफाइनल में जापान से होगी भिड़ंत

Asian Games 2026: एशिया कप जीत से भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है, लेकिन एशियन गेम्स का फॉर्मेट बिल्कुल अलग है। यहां कोई ग्रुप स्टेज नहीं है। टूर्नामेंट सीधे क्वार्टरफाइनल से शुरू हो रहा है और 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। ऐसे में नॉकआउट फॉर्मेट में एक हार पूरे अभियान को खत्म कर सकती है।

Image

महिला क्रिकेट टीम (फोटो साभार- BCCI Women)

Asian Games 2026: पिछले हफ्ते दुबई में रिकॉर्ड 8वीं बार महिला टी20 एशिया कप का खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हौसला सातवें आसमान पर है। अब टीम इंडिया शुक्रवार को एशियन गेम्स 2026 में अपने गोल्ड मेडल को बचाने के मिशन की शुरुआत करेगी। टीम को अपने पहले मुकाबले में क्वार्टरफाइनल में मेजबान जापान का सामना करना है।

एशिया कप जीतकर आत्मविश्वास से भरी है भारतीय टीम

एशिया कप जीत से भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है, लेकिन एशियन गेम्स का फॉर्मेट बिल्कुल अलग है। यहां कोई ग्रुप स्टेज नहीं है। टूर्नामेंट सीधे क्वार्टरफाइनल से शुरू हो रहा है और 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। ऐसे में नॉकआउट फॉर्मेट में एक हार पूरे अभियान को खत्म कर सकती है। इसलिए टीम इंडिया को एक भी गलती करने की गुंजाइश नहीं होगी। भारत के लिए इस टूर्नामेंट में ओपनर शेफाली वर्मा सबसे अहम खिलाड़ी होंगी। एशिया कप में शेफाली ने जबरदस्त फॉर्म दिखाया था। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी थीं और टीम इंडिया की भी टॉप स्कोरर थीं। वहीं उप-कप्तान स्मृति मंधाना का एशिया कप मिला-जुला रहा था, वह इस टूर्नामेंट में अपनी लय वापस पाना चाहेंगी।

एशिया कप में भारतीय गेंदबाज थे शानदार

गेंदबाजी में भारत का दारोमदार दीप्ति शर्मा और युवा स्पिनर श्री चरणी पर होगा। 22 साल की श्री चरणी ने एशिया कप में शानदार गेंदबाजी की थी और अपने 30वें टी20 मैच में ही 50 विकेट पूरे कर लिए थे। उनके अलावा राधा यादव और चोट से वापसी कर रही श्रेयंका पाटिल भी स्पिन अटैक को मजबूती देंगी। तेज गेंदबाजी में रेणुका ठाकुर, नंदिनी शर्मा और क्रांति गौड़ पर नजरें रहेंगी। कप्तान हरमनप्रीत कौर भी एशिया कप के औसत प्रदर्शन को पीछे छोड़कर बड़ी पारी खेलना चाहेंगी।

घरेलू मैदान का फायदा उठाना चाहेगी जापान

जापान की टीम घरेलू मैदान का फायदा उठाना चाहेगी, लेकिन भारत के सामने उनकी चुनौती कड़ी होगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। अगर भारतीय टीम यह मुकाबला जीत जाती है तो सेमीफाइनल में उसका मुकाबला बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम से होगा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article