क्रिकेट

Women's Asia Cup 2024: बांग्लादेश ने दी मलेशिया को मात, भारत से होगी सेमीफाइनल में भिड़ंत

श्रीलंका की मेजबानी में आयोजित हो रहे महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में बांग्लादेश ने मलेशिया को मात देकर एंट्री कर ली है। सेमीफाइनल में अब उसकी टीम इंडिया से भिड़ंत होगी।

Image

बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम (साभार ACC)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
बांग्लादेश ने मलेशिया को दी 114 रन से दी मात
श्रीलंका ने अन्य मुकाबले में थाईलैंड को 10 विकेट से रौंदा
बांग्लादेश की होगी सेमीफाइनल में टीम इंडिया से भिड़ंत

दाम्बुला: बांग्लादेश महिला टीम ने मुर्शिदा खातून (80 रन) और कप्तान निगार सुल्ताना (नाबाद 62) के अर्धशतकों की बदौलत बुधवार को यहां महिला एशिया कप टी20 क्रिकेट मैच में मलेशिया को 114 रन से पराजित कर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया जिसमें उसका सामना 26 जुलाई को भारतीय टीम से होगा। वहीं शुक्रवार को दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका की भिड़ंत पाकिस्तान से होगी। श्रीलंका ने बुधवार को ग्रुप मैच में थाईलैंड को 51 गेंद रहते 10 विकेट से रौंदकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

बांग्लादेश ने बनाए 2 विकेट पर 191 रन

बांग्लादेश ने मुर्शिदा के करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी और निगार के अर्धशतक तथा दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 56 गेंद में 89 रन की साझेदारी की मदद से निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट पर 191 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह टीम का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। इसके बाद बांग्लादेश ने कसी गेंदबाजी से मलेशिया को 20 ओवर में आठ विकेट पर महज 77 रन ही बनाने दिये। मलेशिया इस तरह टूर्नामेंट में अपने अभियान में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सका। मलेशिया के लिए एल्सा हंटर ने सर्वाधिक 20 रन बनाए।

बांग्लादेश को अख्तर और मुर्शिदा ने दी शानदार शुरुआत

बांग्लादेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए दिलारा अख्तर (33 रन) और मुर्शिदा के बीच पहले विकेट के लिए 65 रन की भागीदारी से अच्छी शुरूआत की और बड़े स्कोर की नींव रखी। दिलारा के आउट होने के बाद कप्तान निगार ने शानदार बल्लेबाजी की और मुर्शिदा के साथ शानदार साझेदारी की। मुर्शिदा ने 59 गेंद का सामना करते हुए अपनी पारी में 10 चौके और एक छक्का जड़ा जबकि निगार ने 37 गेंद में पांच चौके और दो छक्के से नाबाद 62 रन जोड़े।

इसके बाद बांग्लादेश की गेंदबाज नाहिदा अख्तर (13 रन देकर दो विकेट), शोर्णा अख्तर सबीकुन नाहर जेस्मिन, राबिया खान, रितु मोनी और जहांआरा आलम की कसी गेंदबाजी से मलेशिया को लगातार झटके दिये। इन सभी गेंदबाजों ने एक एक विकेट झटके।

श्रीलंका ने दी थाईलैंड को पटखनी

दिन के दूसरे मैच में श्रीलंका ने थाईलैंड को 20 ओवर में सात विकेट पर 93 रन ही बनाने दिये। इसके बाद कप्तान चामरी अटापट्टू (नाबाद 49 रन) और विश्मी गुणरत्ने (नाबाद 39 रन) ने यह लक्ष्य 11.3 ओवर में बिना विकेट गंवाये 94 रन बनाकर हासिल कर लिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article