क्रिकेट

थाइलैंड को रौंदकर महिला एशिया कप के फाइनल में पहुंचा भारत

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 13, 2022, 12:20 PM IST

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने थाइलैंड को करारी मात देकर महिला एशिया कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

Image

Indian-Womens-Cricket-Team

सिल्हट: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने थाइलैंड को रौंदकर एशिया कप के फाइनल में एंट्री कर ली है। गुरुवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 148 रन का स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में थाइलैंड की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 74 रन बना सकी। भारत ने 74 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज करके फाइनल में प्रवेश किया है।

शेफाली वर्मा ने फिर खेली धमाकेदार पारी

सेमीफाइनल में थाइलैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। ऐसे में शेफाली और स्मृति मंधाना ने भारतीय टीम को तेज शुरुआत देने की कोशिश की। पारी के पांचवें ओवर में 38 के स्कोर पर मंधाना 13 रन बनाकर माया की गेंद पर लपकी गईं। इसके बाद बल्लेबाजी करने आईं जेमिमा रोड्रिगेज ने शेफाली का साथ दिया। दोनों ने मिलकर टीम को पचास रन के पार पहुंचाया। लेकिन 10वें ओवर की पहली गेंद पर शेफाली वर्मा को टिपोच ने चाईवाई के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ दिया। एक बार फिर शेफाली अर्धशतक पूरा करने से चूक गईं। उन्होंने 28 गेंद में 42 रन की आतिशी पारी खेली।

शेफाली के बाद कप्तान हरमनप्रीत ने संभाला मोर्चाशेफाली के आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला और रोड्रिगेज का साथ दिया। दोनों ने मिलकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। लेकिन 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जेमिमा पुथायोंग की गेंद पर कैच दे बैठीं। उन्होंने 26 गेंद में 27 रन की पारी खेली। जेमिमा के आउट होने के बाद एक छोर थोड़ी देर तक हरमनप्रीत संभाले रहीं लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। ऋचा घोष 2 रन बनाकर आउट हो गईं। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर हरमनप्रीत कौर भी 30 गेंद में 36 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौट गईं। ऐसे में अंत में पूजा वस्त्रकार ने 13 गेंद में 17 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को 20 ओवर में 6 विकेट पर 148 रन के स्कोर तक पहुंचाया।

खराब रही थाइलैंड की शुरुआत, 18 रन पर गंवाए 4 विकेट

जीत के लिए 149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाइलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। 7.5 ओवर में 21 रन पर ही उसके चार बल्लेबाज पवेलियन वापस लौट गए थे। ऐसे में एक छोर कप्तान चाईवाई ने संभाला। इसके बाद उन्हें दूसरे छोर से नताया बुचतहेम का साथ मिला। दोनों ने मिलकर टीम को पचास रन के पार पहुंचाया। लेकिन भारत की कसी हुई गेंदबाजी के आगे वो खुलकर रन नहीं बना सकीं। 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर बुचतहेम 21 रन बनाकर आउट हुईं लेकिन तब तक थाईलैंड के हाथ से जीत निकल चुकी थी।

भारतीय गेंदबाजों के कहर का थाई बल्लेबाज नहीं कर पाईं सामना

इसके थोड़ी देर बार कप्तान चाइवाई भी 21 रन बनाकर गायकवाड़ की गेंद पर एलबीडब्लू हो गईं और टीम का स्कोर 71 रन पर 7 विकेट हो गया। अंत में 20 ओवर में थाइलैंड की टीम केवल 74 रन बना सकी और 74 रन के बड़े अंतर से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। भारत के लिए दीप्ति शर्मा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं दो सफलता राजेश्वरी गायकवाड़ के हाथ लगी। वहीं एक-एक विकेट रेणुका सिंह, स्नेह राणा और शेफाली वर्मा के खाते में गया। शेफाली को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article