क्रिकेट

Will dhoni play against kkr: चेपॉक पर धोनी ने किया अभ्यास, क्या आज कोलकाता के खिलाफ मैच खेलेंगे माही?

काफ इंजरी से उबर रहे एमएस धोनी की आईपीएल 2026 में वापसी के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। क्योंकि वह अभी भी मैच फिटनेस पर काम करते हुए दिखाई दिए। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में एमएस धोनी की वापसी हो सकती है। क्या धोनी आज का मैच खेलेंगे?

Image

क्या आज का मैच खेलेंगे एमएस धोनी।

MS Dhoni: आईपीएल के आगाज के पहले दिन ही चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपने फैंस को दुखद खबर दी। एक बयान में बताया था कि धोनी पहले दो सप्ताह तक के लिए आईपीएल से बाहर रह सकते हैं। इंजरी के चलते धोनी को पहले चार मुकाबले से बाहर रहना पड़ा। हालांकि, वह अन्य खिलाड़ियों के साथ ट्रेनिंग लेते हुए दिखाई दिए। ऐसे में चर्चा है कि क्या आज एमएस धोनी कोलकाता के खिलाफ मैच खेलेंगे या नहीं?

सोमवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ घरेलू मैच की पूर्व संध्या पर चेपॉक में अंडर लाइट्स सीएसके के अभ्यास के अंतिम चरण में धोनी ने नेट्स में थोड़ी देर अभ्यास किया। लेकिन एक बार फिर उन्होंने सपोर्ट स्टाफ से केवल थ्रोडाउन का सामना किया। उन्हें अभ्यास कराने वालों में टीम के बल्लेबाजी कोच माइक हसी भी शामिल थे।

नेट सेशन के दौरान किया अभ्यास

जब हसी ने प्रैक्टिस पिच के बीच में गेंद डाली तो गेंद धोनी के बल्ले के जोड़ पर जा लगी। लेकिन जब गेंद उनके स्लॉट में पड़ी तब उन्होंने गेंद को अपने बॉटम हैंड का इस्तेमाल करते हुए मिडविकेट बाउंड्री की ओर भेज दिया। सीएसके का अभ्यास सत्र रात के नौ बजे समाप्त हुआ। धोनी ने विकेटकीपिंग का अभ्यास नहीं किया। ऐसे में माना जा रहा है कि धोनी केकेआर के खिलाफ का भी मुकाबला मिस कर सकते हैं। यानी आज भी धोनी के खेलने की कोई संभवना नजर नहीं आ रही है।

ऐसा रहा है पिछले कुछ सीजन प्रदर्शन

पिछले कुछ सीजन में धोनी ने एकदम आखिरी में बल्लेबाज की है। यानी वह 10-12 गेंदें खेलकर अधिक से अधिक रन बनाने की भूमिका में नजर आए हैं। 2023 में उनका स्ट्राइक रेट 182 था और 2024 में उन्होंने 221 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। लेकिन पिछले साल उन्हें 145 गेंदों का सामना करना पड़ा जो कि 2023 (57) और 2024 (73) में खेली गई गेंदों को मिलाकर भी ज्यादा था और इसके परिणामस्वरूप उनका स्ट्राइक रेट घटकर 135 का रह गया।

स्पेंसर जॉनसन ने शुरू की गेंदबाजी

सीएसके को स्पेंसर जॉनसन के आने का भी इंतजार है। स्पेंसर, नाथन एलिस के रिप्लेसमेंट के तौर पर सीएसके में शामिल हुए हैं। जॉनसन खुद भी इस समय चोट से उबर रहे हैं और उनके 21 से 23 अप्रैल तक सीएसके के साथ जुड़ने की उम्मीद है। स्पेंसर ने गेंदबाजी शुरू कर दी है। ये चेन्नई के लिए अच्छी खबर हैं।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article