Vikram Misri meets Balen Shah: भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने गुरुवार को काठमांडू में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और दोनों पड़ोसी देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया। यह मुलाकात काठमांडू स्थित प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद के कार्यालय में हुई। मिस्री दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नेपाल में हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा से जुड़ी तैयारियों और चर्चाओं पर केंद्रित है। अगस्त में आई बाढ़ से निपटने के लिए भारत ने जो राहत सामग्री एवं मदद भेजी, उसके लिए शाह ने नई दिल्ली को धन्यवाद दिया।
अपने नेपाली समकक्ष से मिले मिस्री
प्रधानमंत्री शाह से मुलाकात से पहले विदेश सचिव मिस्री ने अपने नेपाली समकक्ष, विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों विदेश सचिवों ने दोनों देशों के बीच होने वाले आगामी उच्च-स्तरीय कार्यक्रमों के संदर्भ में आपसी हित के कई विषयों पर बातचीत की।
वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले से शिष्टाचार भेंट की
इसके अलावा, मिस्री ने नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल और वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने ऊर्जा मंत्री बिराज भक्त श्रेष्ठ और अवसंरचना विकास मंत्री सुनील लमसाल से भी मुलाकात की। इन बैठकों में आर्थिक मामलों, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
इसी महीने भारत की यात्रा पर आ सकते हैं बालेन शाह
भारत और नेपाल के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोगों के आपसी संबंध रहे हैं। दोनों देश व्यापार, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा और विकास सहयोग सहित कई क्षेत्रों में मिलकर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री शाह की आगामी भारत यात्रा को दोनों देशों के संबंधों को नई गति देने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
विदेश सचिव की यह यात्रा भारत की "पड़ोसी पहले" नीति के अनुरूप मानी जा रही है, जिसके तहत भारत अपने पड़ोसी देशों के साथ मजबूत और बहुआयामी संबंधों को प्राथमिकता देता है।
