क्रिकेट

'मैं कोई रिस्क नहीं लेना चाहता था', रवींद्र जडेजा से क्यों नहीं कराई गेंदबाज? रियान पराग ने बताया कारण

आईपीएल 2026 में लगातार चार जीत दर्ज कर अजेय चल रही राजस्थान रॉयल्स का विजय रथ आखिरकार हैदराबाद में जाकर थम गया। सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को करारी शिकस्त देकर टीम मैनेजमेंट को सोचने के लिए मजबूर कर दिया। टॉप-5 बल्लेबाज 9 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। हैरानी की बात यह रही कि रियान पराग ने जडेजा से एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं कराई।

Image

रिया पराग ने जडेजा से नहीं कराई गेंदबाजी। फाइल फोटो

हैदराबाद और राजस्थान के मुकाबले में फैंस उस वक्त हैरान रह गए, जब रियान पराग ने रवींद्र जडेजा से एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं कराई। मैच के बाद कप्तान रियान पराग ने इसके पीछा का कारण स्पष्ट करते हुए कहा कि यह पल भर में लिया गया फैसला था। जडेजा ने बल्लेबाजी में 45 रन बनाकर राजस्थान की हार का अंतर कम किया।

हैदराबाद में खेले गए इस मुकाबले में मेजबान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 216 रन बनाए। ईशान किशन ने 91 रन की पारी खेली। मुकाबले के दौरान रवींद्र जडेजा से गेंदबाजी नहीं कराए जाने का फैसला चर्चा का विषय बन गया। रियान पराग ने छह गेंदबाजों का इस्तेमाल किया लेकिन जडेजा से एक भी ओवर नहीं कराया।

ईशान किशन के डर से लिया गया फैसला

रियान पराग ने माना कि रवींद्र जडेजा को गेंदबाजी के लिए इस्तेमाल न करने का उनका निर्णय 'पल भर के लिए' लिया गया था। इस फैसले के पीछे का कारण बताते हुए पराग ने मैच की स्थिति और मध्य ओवरों के दौरान शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन की तूफानी बल्लेबाजी की ओर इशारा किया।

बिश्नोई पर जताया भरोसा

पराग ने मैच के बाद कहा, जहां तक जड्डू भाई से गेंदबाजी नहीं कराने का सवाल है तो उस वक्त ईशान भाई काफी अच्छी बैटिंग कर रहे थे तो मैं कोई रिस्क नहीं लेना चाहता था। मैंने उस वक्त बिश्नोई पर भरोसा जताया।

फैसले की हुई आलोचना

बाद में इस फैसले पर सवाल उठे। खासकर तब जब एसआरएच ने स्पिन गेंदबाजी में विविधता की कमी का फायदा उठाते हुए एक मजबूत स्कोर खड़ा किया। शुरुआती विकेट गिरने के बाद किशन की 91 रनों की पारी ने हैदराबाद को वापसी का मौका दिया।

फरेरा के साथ की 118 रन की साझेदारी

बल्लेबाजी में रवींद्र जडेजा ने टीम के लिए अहम पारी खेली। साथ ही डॉनोवन फरेरा के साथ 118 रन की साझेदारी भी की। जडेजा अर्धशतक से चूक गए तो वहीं फरेरा 69 रन बनाकर आउट हुए। राजस्थान की पूरी टीम 159 रन बनाकर सिमट गई।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article