देश

'बेबुनियाद और मनगढ़ंत...', विदेशी फंडिंग के आरोपों पर सौरव दास का केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पर पलटवार

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CPJ) के प्रवक्ता सौरव दास ने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के विदेशी फंडिंग से जुड़े आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी और आरोपों को बेबुनियाद और मनगढ़ंत बताया।

Image

सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास (फाइल फोटो)

Photo : ANI

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CPJ) के प्रवक्ता सौरव दास ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के विदेशी फंडिंग से जुड़े आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी और आरोपों को बेबुनियाद और मनगढ़ंत बताया।

CJP ने सबूत पेश करने की दी चुनौती

केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया था कि सीजेपी आंदोलन को विदेशी स्रोतों, कथित डीप स्टेट ऑपरेटिव और देश के भीतर तथा बाहर सक्रिय भारत विरोधी संगठनों से फंडिंग मिल रही है। सौरव दास ने सरकार को सीधे तौर पर ठोस सबूत पेश करने की चुनौती दी।

उन्होंने कहा, "ये आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। हम पहले दिन से ही सबूत मांग रहे हैं। 6 जून को पहला प्रदर्शन होने से पहले ही हमारे आंदोलन के खिलाफ नकारात्मक प्रचार शुरू कर दिया गया था। हमारी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस 3 जून को हुई थी और तब से हम लगातार पूछ रहे हैं कि इन तथाकथित आरोपों का आधार क्या है? अब तक कोई सबूत या उचित स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है।"

समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सौरव दास ने कहा कि 4-5 माह गुजर जाने के बावजूद वही आरोप दोहराए जा रहे हैं, जिन्हें पहले राइट विंग और चरमपंथी नेटवर्क की ओर से प्रचारित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ समूहों का मकसद एक विश्वसनीय युवा आंदोलन को बदनाम करने के लिए पेड कैंपेन चलाना है। उन्होंने कहा कि किसी वरिष्ठ मंत्री की ओर से ऐसे आरोप दोहराया जाना शर्मनाक है।

दिपके और रांका पर भी लगे आरोप

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके और प्रवक्ता आशुतोष रांका पर अमेरिका और पाकिस्तान से फंडिंग मिलने का आरोप लगाया था। हालांकि, सीजेपी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। सीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ''यह शर्मनाक हकीकत है। एक केंद्रीय मंत्री कुछ भी कह सकता है और उससे जवाबदेही नहीं मांगी जाती। यही वजह है कि आज ऊंचे पदों पर बैठे लोगों के शब्दों का भी कोई महत्व नहीं रह गया है।"

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article