क्रिकेट

IND vs PAK: क्या एशिया कप फाइनल में नहीं खेल पाएंगे हार्दिक पांड्या? कोच ने फिटनेस को लेकर दिया बड़ा अपडेट

Hardik Pandya Fitness Update: टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने एशिया कप 2025 के खिताबी मैच से पहले हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। मोर्कल दोनों खिलाड़ियों की चोट से ज्यादा चिंतित नजर नहीं आए हैं।

Image

हार्दिक पांड्या (फोटो- AP)

Hardik Pandya Fitness Update: एशिया कप 2025 के खिताबी मुकाबले से पहले टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर बड़ा अपडेट दिया है। दोनों खिलाड़ियों को श्रीलंका के खिलाफ अंतिम सुपर-4 मैच के दौरान चोट और क्रैंप्स की समस्या झेलनी पड़ी थी। हालांकि मोर्केल ने साफ किया कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं है और मेडिकल टीम खिलाड़ियों की रिकवरी पर नजर बनाए हुए है।

हार्दिक पांड्या को हैमस्ट्रिंग में तकलीफ

भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए सुपर-4 मुकाबले में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या सिर्फ एक ओवर ही फेंक सके। उन्होंने पारी की चौथी गेंद पर कुसल मेंडिस को शून्य पर आउट कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन इसी ओवर के बाद हैमस्ट्रिंग में खिंचाव महसूस होने के कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्केल ने कहा कि 'हार्दिक को सिर्फ क्रैंप्स थे। उनकी जांच की जाएगी और उसके बाद ही हम फाइनल में उनकी उपलब्धता पर फैसला करेंगे।'

अभिषेक शर्मा को भी हुआ क्रैंप्स

श्रीलंका की पारी के नौवें ओवर में युवा ऑलराउंडर अभिषेक शर्मा अपनी दाहिनी जांघ पकड़े नजर आए। इसके बाद उन्होंने मैदान पर ही बर्फ से सिकाई की। मोर्केल के अनुसार यह भी सिर्फ क्रैंप्स थे और फिलहाल किसी बड़ी चोट का खतरा नहीं है।

रिकवरी पर जोर देंगे खिलाड़ी

मोर्केल ने बताया कि टीम का पूरा ध्यान अब खिलाड़ियों की रिकवरी पर है। उन्होंने कहा, ‘‘शनिवार का दिन पूरी तरह से रिकवरी के लिए रखा गया है। खिलाड़ियों ने आइस बाथ लिया है और तुरंत रिकवरी प्रक्रिया शुरू हो गई है। सबसे अच्छा तरीका आराम करना और पर्याप्त नींद लेना है। इसके अलावा व्यक्तिगत पूल सेशन भी आयोजित किए जाएंगे ताकि खिलाड़ी पूरी तरह से फिट रह सकें।’’

सुपर-4 में भारत की रोमांचक जीत

श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 202 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने भी 202 रन बनाए और मैच सुपर ओवर तक पहुंचा। सुपर ओवर में अर्शदीप सिंह की शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजों के आत्मविश्वास ने भारत को जीत दिलाई।

फाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगा भारत

भारत इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रहा है और लगातार 6 मुकाबले जीत चुका है। फाइनल में उसका सामना चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। दिलचस्प बात यह है कि इस एशिया कप संस्करण में भारत पहले ही पाकिस्तान को दो बार हरा चुका है। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि खिताबी मुकाबले में भी भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहेगा।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुन... और देखें

End of Article