शहर

Monsoon Break: वक्त से पहले मानसून पर लगा 'ब्रेक'! दिल्ली-पंजाब समेत 9 राज्यों में बारिश होगी कम, बढ़ेगी उमस

Monsoon Break: देश के कई राज्यों में मानसून पर अचानक 'ब्रेक' लग गया है। मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि दिल्ली, पंजाब, राजस्थान समेत कई राज्यों में अगले 5-7 दिन मौसम शुष्क रहेगा और उमस वाली भीषण गर्मी परेशान करेगी, जबकि पहाड़ों और बिहार में भारी बारिश का अलर्ट है।

Image

समय से पहले आया मानसून ब्रेक

Photo : Times Now Digital

Monsoon Break: देश के बड़े हिस्से में रिकॉर्डतोड़ बारिश के बाद अब मानसून की रफ्तार पर अचानक और वक्त से पहले 'ब्रेक' लग गया है। मौसम विशेषज्ञ नवदीप दहिया ने यह जानकारी दी है कि आज से मानसून की ट्रफ लाइन खिसककर हिमालय की तलहटी की ओर जा रही है। इसके साथ ही शुष्क पश्चिमी हवाएं भारत के आंतरिक हिस्सों में काफी अंदर तक प्रवेश कर रही हैं। ये जो मौसमी बदलाव हो रहा है, इससे देश के एक बड़े भू-भाग में मानसून का 'ड्राई फेज' शुरू होगा, जो उम्मीद से काफी पहले आ गया है। हालांकि अल नीनो और बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने पहले ही इस बात को लेकर चेताया था कि इस बार मानसून ब्रेक पहले की अपेक्षा लंबे हो सकते हैं।

इन 9 राज्यों में थमेगी बारिश, बढ़ेगा 'रीयल फील' तापमान

नवदीप के मुताबिक अगले 5 से 7 दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में भारी गिरावट आएगी। दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में मुख्य रूप से मौसम सूखा बना रहेगा।

बारिश न होने और तेज धूप निकलने के कारण हवा में मौजूद नमी भारी उमस पैदा करेगी। मौसम विशेषज्ञ ने चेतावनी दी है कि आगामी दिनों में 'रीयल फील' (Heat Index) यानी महसूस होने वाला तापमान 45 से 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

बिहार और पहाड़ों पर आफत की बारिश

एक तरफ जहां देश का मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सा सूखेगा, वहीं दूसरी तरफ मानसून की रेखा उत्तर की ओर जाने से पहाड़ी और पूर्वी राज्यों को भारी बारिश का सामना करना पड़ेगा। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तर-पूर्वी राज्यों में आज से लगातार 5 से 7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

उम्मीद से काफी पहले आया 'ब्रेक'

बता दें कि मानसून के मौसम में 'ब्रेक' आना एक सामान्य प्रक्रिया है। लेकिन हाल ही में हुए 10 दिनों के रिकवरी फेज के तुरंत बाद, जुलाई के दूसरे सप्ताह में ही ऐसा लंबा ड्राई स्पेल देखना बेहद अप्रत्याशित है। फिलहाल 15 जुलाई से पहले बंगाल की खाड़ी से किसी बड़े कम दबाव वाले क्षेत्र के मैदानी इलाकों की तरफ बढ़ने के कोई संकेत नहीं हैं, जिससे राहत मिलने की उम्मीद कम है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article