क्रिकेट

लखनऊ के खिलाफ रोहित की वापसी पर बाहर हुए हार्दिक, जानें क्यों नहीं खेल रहे कप्तान पांड्या

आईपीएल में आज मुंबई इंडियंस बिना अपना स्थायी कप्तान हार्दिक पांड्या के उतरी है। लखनऊ के खिलाफ इस मुकाबले में टीम की कमान सूर्यकुमार यादव संभाल रहे हैं। रोहित शर्मा की वापसी हुई है।

Image

हार्दिक पांड्या (साभार-X)

लखनऊ के खिलाफ आईपीएल के 47वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं और टीम सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में उतरी। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने वाली मुंबई इंडियंस के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि क्यों हार्दिक पांड्या आज का मुकाबला नहीं खेल रहे हैं। टॉस के समय सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हार्दिक पांड्या फिट नहीं हैं, इसलिए हम उनकी जगह खेल रहे हैं। लेकिन हां, बाकी सब ठीक है। इतना ही नहीं लखनऊ के खिलाफ इस मैच में कॉर्बिन बॉश को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। उन्हें ट्रेंट बोल्ट की जगह मौका मिला है। मुंबई के लिए अच्छी बात यह है कि हिटमैन रोहित शर्मा आज का मुकाबला खेल रहे हैं। इस सीजन रोहित अब तक केवल 4 मुकाबला ही खेल पाए थे, उसके बाद चोट के कारण वह लगातार बाहर थे। 4 मैच में रोहित ने एक अर्धशतक की मदद से 137 रन बनाए थे।

सूर्या ने आगे कहा कि सच कहूं तो, मुंबई इंडियंस ऐसी स्थिति में रहने के लिए नहीं जानी जाती है, इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता। लेकिन आखिर में, यह सिर्फ एक खेल है, खेल का हिस्सा है, आपको अपना हौसला बनाए रखना होगा। हमारे पाँच मैच बचे हैं, जिसे हम जीतने की कोशिश करेंगे और मुंबई इंडियंस को जीत का तोहफा देंगे।

इस सीजन हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई की टीम संघर्ष कर रही है। 9 मैच में टीम केवल 2 मुकाबला जीत पाई है और वो प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। इतना ही नहीं बल्ले और गेंद से भी हार्दिक ने निराश किया है। 8 मैच में हार्दिक केवल 146 रन ही बना पाए हैं। बात गेंदबाजी की करें तो हार्दिक 8 मैच में केवल 4 विकेट चटका पाए हैं।

आज के मैच में मुंबई और लखनऊ की प्लेइंग इलेवन-

लखनऊ सुपर जाइंट्स (प्लेइंग इलेवन): मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, आवेश खान, प्रिंस यादव।

मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, एएम ग़ज़नफ़र, रघु शर्मा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article