क्रिकेट

Who Won Yesterday Match (22 June, 2024): कल का मैच कौन जीता? IND vs BAN, भारत बनाम बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप 2024 के मैच में टीम इंडिया ने मारी बाजी, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

IND vs BAN, Who Won Yesterday T20 World Cup 2024 Match (कल का मैच कौन जीता?): भारत ने बांग्लादेश को एंटिगा में खेले गए मुकाबले में 50 रन से मात देकर टी20 विश्व कप 2024 के सुपर-8 राउंड में दूसरी जीत दर्ज की और अपनी जगह सेमीफाइनल में तकरीबन पक्की कर ली। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का रोमांच?

Image

विराट कोहली और ऋषभ पंत

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
भारतीय टीम ने बांग्लादेश को दी 50 रन से मात
बांग्लादेश की टीम नहीं हासिल कर पाई 197 रन का लक्ष्य
हार्दिक पांड्या को ऑल राउंड प्रदर्शन के लिए चुना गया मैन ऑफ द मैच

IND vs BAN, Who Won Yesterday T20 World Cup 2024 Match (कल का मैच कौन जीता?): रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम का विजय अभियान सुपर-8 राउंड में बांग्लादेश के खिलाफ भी जारी रहा। मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने हार्दिक पांड्या के अर्धशतक, विराट कोहली(), ऋषभ पंत और शिवम दुबे() की आतिशी पारियों की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 196 रन का स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 8 विकेट के नुकसान पर 146 रन बना सकी। कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी के दम पर बांग्लादेश के टॉप ऑर्डर को धराशाई कर दिया। भारतीय टीम की यह सुपर-8 राउंड में दूसरी जीत है। टीम इंडिया इस जीत के बाद सेमाफाइनल में तकरीबन पहुंच गई है। सुपर-8 राउंड में भारतीय टीम की आखिरी भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 24 जून को होगी।

बांग्लादेश ने जीता टॉस:

बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हसन शंतो ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

भारतीय टीम ने की सधी शुरुआत

पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी ने सधी हुई तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़े। ये साझेदारी चौथे ओवर की चौथी गेंद पर टूटी। रोहित शर्मा शाकिब अल हसन की गेंद पर जाकिर अली के हाथों लपके गए। 209.09 के स्ट्राइक रेट वाली पारी में रोहित ने 11 गेंद में 23 रन बनाए।

विराट-पंत ने पहुंचाया 50 के पार

रोहित के आउट होने के बाद भारतीय पारी को विराट कोहली और ऋषभ पंत ने आगे बढ़ाया। दोनों ने 5.5 ओवर में टीम को 50 रन के पार और पॉवरप्ले के अंत में 1 विकेट पर 53 रन तक पहुंचा दिया। दोनों की साझेदारी में स्कोर 71 रन तक पहुंचा।

तंजीम हसन साकिब ने दिए दोहरे झटके

नौवें ओवर की पहली गेंद पर विराट कोहली की पारी का तंजीम हसन साकिब ने अंत कर दिया। विराट 28 गेंद में 37 रन बनाकर बोल्ड हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 1 चौका और तीन छक्के जड़े। विराट के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार यादव ने छक्का जड़कर अपनी पारी की शुरुआत की लेकिन अगली ही गेंद पर वो विकेट के पीछे लिट्टन दास के हाथों तंजीम हसन शाकिब की गेंद पर लपके गए। अचानक उछाल लेती गेंद पर सूर्या गच्चा खा गए। उन्होंने 6(2) रन बनाए।

पंत-दुबे ने पहुंचाया 100 रन के पार

77 रन पर 3 विकेट गंवाने के बाद भारत की पारी को शिवम दुबे और ऋषभ पंत ने आगे बढ़ाया। दोनो ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए रन रेट गिरने नहीं दिया और टीम को 11.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन इस साझेदारी को लेग स्पिनर राशिद हुसैन ने तोड़ दिया। हुसैन की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में पंत लपके गए। 150 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 36(24) रन बनाए।

पांड्या-दुबे के बीच हुई अर्धशतकीय साझेदारी

108 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद भारतीय पारी को हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने आगे बढ़ाया। दोनों ने टीम को 16.4 ओवर में 150 रन के पार पहुंचाया और पांचवें विकेट के लिए 33 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली। इस साझेदारी में शिवम दुबे ने 31 और हार्दिक ने 20 रन का योगदान दिया। टीम को 161 रन तक दोनों ने मिलकर पुहंचाया लेकिन 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर दुबे 34(24) रन बनाकर राशिद हुसैन की फिरकी में फंसकर बोल्ड हो गए। 161 रन के स्कोर पर भारतीय टीम को पांचवां झटका लगा।

पांड्या ने जड़ा आतिशी अर्धशतक

दुबे के आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या ने अंत में मोर्चा संभाला और अक्षर पटेल के साथ मिलकर 20 ओवरों में टीम को 5 विकेट पर 196 रन तक पहुंचा दिया। हार्दिक ने पारी की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर अपना अर्धशतक 27 गेंद में पूरा कर लिया। हार्दिक 50*(27) रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। वहीं अक्षर ने 3*(5) रन बनाए। बांग्लादेश के लिए तंजीम हसन साकिब और राशिद हुसैन ने 2-2 विकेट झटके वहीं एक सफलता साकिब अल हसन को मिली।

बांग्लादेश ने की सधी हुई शुरुआत

जीत के लिए 197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम को लिट्टन दास और तंजीद हसन की जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े। पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या ने इस साझेदारी को तोड़ा। हार्दिक ने लिट्टन दास को कुलदीप यादव के हाथों कैच करा दिया। दास 13(10) रन बना सके।

कुलदीप ने दिलाई दूसरी सफलता

लिट्टन दास के आउट होने के बाद दूसरे छोर पर खड़े तंजीद हसन को कप्तान नजमुल हसन शंतो का साथ मिला। दोनों ने मिलकर बांग्लादेश को पॉवरप्ले में 1 विकेट पर 42 रन तक पहुंचाया। बांग्लादेश बगैर किसी और नुकसान के 7.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचने में सफल रही। लेकिन रन औसत के बढ़ते दबाव के बीच तंजीद हसन 10वें ओवर की चौथी गेंद पर कुलदीप की अंदर आती गेंद पर गच्चा खाकर एलबीडब्लू हो गए। उन्होंने 29(31) रन बनाए।

कुलदीप ने दिए बांग्लादेश को दोहरे झटके

तंजीद हसन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए तौहीद हृदौय को भी कुलदीप ने एलबीडब्लू करके पवेलियन वापस भेज दिया। 11.1 ओवर में 76 रन पर तीन विकेट गंवाकर बांग्लादेश बैकफुट पर नजर आने लगा। ऐसे में कप्तान शंतो ने शातिब अल हसन के साथ मोर्चा संभालने की कोशिश की। दोनों ने टीम को 98 रन तक पहुंचाया लेकिन कुलदीप की गेंद पर शाकिब अल बसन रोहित के हाथों लपके गए। शाकिब ने 11(7) रन बनाए।

काम नहीं आई शंतो की कप्तानी पारी

शाकिब के आउट होने के बाद महमूदुल्लाह कप्तान शंतो का साथ देने उतरे। दोनों ने मिलकर बांग्लादेश को 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर 100 रन के पार पहुंचाया। लेकिन 108 के स्कोर पर कप्तान शंतो दबाव में टूट गए। बुमराह ने उन्हें अर्शदीप के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज जिया। शंतो ने 40(32) रन बनाए।

108 रन पर बांग्लादेश ने गंवा दिए थे पांच विकेट

15.3 ओवर में 108 रन पर 5 विकेट गंवाने के बाद बांग्लादेश की हार तय नजर आने लगी। ऐसे में विकेटों की झड़ी लग गई। एक छोर राशिद हुसैन ने संभाला लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। महमूदुल्लाह 13, जाहिर अली 1, राशिद हुसैन 24 रन बनाकर आउट हुए। बांग्लादेश की टीम 10 ओवर में 8 विकेट पर 146 रन बना सके और 50 रन के बड़े अंतर से टीम इंडिया ने मैच अपने नाम कर लिया। भारत के लिए कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के खाते में 2-2 विकेट गया। वहीं एक सफलता हार्दिक पांड्या को मिली।

मैन ऑफ द मैच:

हार्दिक पांड्या को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हार्दिक ने 27 गेंद में नाबाद 50 रन की पारी खेलने के बाद 32 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article