क्रिकेट

जिंबाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 में जीत के बाद स्मृति मंधाना ने पढ़े शेफाली वर्मा की तारीफ में कसीदे

भारतीय महिला टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने जिंबाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में 9 विकेट अंतर से धमाकेदार जीत के बाद आतिशी अर्धशतक जड़ने वाली शेफाली वर्मा की जमकर तारीफ की है।

Image

स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा (फोटो क्रेडिट BCCI Women X)

रायपुर:भारतीय महिला टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने रविवार को जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में हराकर तीन मैच की श्रृंखला जीतने के बाद अपनी गेंदबाजों और शेफाली वर्मा की बल्लेबाजी की प्रशंसा की। सलामी बल्लेबाज शेफाली (55 रन, 25 गेंद) के साथ कप्तान स्मृति मंधाना (नाबाद 47 रन, 25 गेंद) ने शानदार पारी खेली जिससे भारत ने दूसरे टी20 में 102 रन का लक्ष्य 8.5 ओवर में हासिल कर लिया।

भारतीय गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे को आठ विकेट पर 102 रन ही बनाने दिए थे। इससे भारत ने तीन मैच की श्रृंखला में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली। भारत के लिए निकी प्रसाद ने दो जबकि क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, दीप्ति शर्मा और श्री चरणी ने एक एक विकेट झटका। मंधाना ने मैच के बाद अपनी गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा,'आज गेंदबाजों ने पहले मैच की तुलना में बेहतर गेंदबाजी की। आज उन्होंने रणनीति के हिसाब से गेंदबाजी की। हालांकि हम कैच लपकने में और बेहतर कर सकते हैं। पिछले मैच में हमने यह चर्चा की थी लेकिन आज हमारे पास बढ़िया रणनीति थी। आज गेंदबाजों ने रणनीति पर अच्छी तरह से अमल किया।'

शेफाली ने अपना 22वां टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक जड़ा। शेफाली और मंधाना ने पहले विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी निभाई।

मंधाना ने कहा,'शेफाली काफी आक्रामक बल्लेबाजी कर रही थीं इसलिए मैं उन्हें स्ट्राइक दे रही थी और मौका बनने पर अपने शॉट्स खेल रही थी।''प्लेयर ऑफ द मैच' रहीं शेफाली ने कहा,'पहले मैच में मैं जिस तरह से आउट हुई उसके बाद ठीक से सो नहीं पाई लेकिन आज मैंने अच्छी तरह से गेंद को टाइम किया। मैंने आज स्ट्राइक भी रोटेट किया।' जिम्बाब्वे की कप्तान जोसेफिने एनकोमो ने कहा,'भारतीय टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। हमें पावरप्ले में अच्छी शुरुआत नहीं मिली। काफी कुछ सीखने लायक है, अगर हम थोड़ा बहुत भी आत्मसात कर लें तो बहुत बड़ी बात होगी।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article