who won yesterday IPL Match, 4 May 2026 (कल का आईपीएल मैच कौन जीता) MI vs LSG kal ka IPL Match kaun jeeta: मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराकर सीजन की तीसरी जीत हासिल कर ली। मुंबई के सामने जीत के लिए 229 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने रियान रिकेल्टन और रोहित शर्मा की विस्फोटक पारी के दम पर 4 विकेट खोकर 8 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। रोहित शर्मा ने 84 और रियान रिकेल्टन ने 83 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी की। यह मुंबई इंडियंस का आईपीएल में सबसे बड़ा चेज भी है। इससे पहले लखनऊ ने निकोलस पूरन की तूफानी अर्धशतकीय पारी के दम पर पांच विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए। पूरन के अलावा मिचेल मार्श ने 44 (25 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) हिम्मत सिंह ने नाबाद 40 और एडेन मारकर्म ने 31 रन की पारी खेली।
मुंबई इंडियंस ने जीता टॉस
इस मुकाबले में हार्दिक पांड्या की जगह कप्तानी करने वाले सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस मुकाबले में रोहित शर्मा की वापसी हुई जो शुरुआती 4 मैच खेलने के बाद चोट के कारण बाहर थे।
लखनऊ की खराब शुरुआत
टॉस गंवाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की शुरुआत खराब रही। उसने तीसरे ही ओवर में जोस इंग्लिस (13) का विकेट गंवा दिया, जिन्होंने स्पिनर गजनफर की गेंद पर सूर्यकुमार यादव को कैच थमाया। उन्होंने इससे पहले इस स्पिनर पर लगातार दो चौके मारे।
पावरप्ले रहा लखनऊ के नाम
जोश इंग्लिस का विकेट जल्दी गंवाने के बावजूद लखनऊ ने पावरप्ले अपने नाम किया। इंग्लिस के विकेट के बाद मिचेल मार्श ने दीपक चाहर की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके से शुरुआती की और फिर जसप्रीत बुमराह की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके मारे। पूरन ने विल जैक्स पर तीन छक्कों के साथ फॉर्म में वापसी के संकेत दिए। उन्होंने गजनफर पर भी दो छक्के और एक चौका जड़ा। नतीजा सुपर जायंट्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 90 रन बनाए।
पूरन का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक
पावरप्ले के बाद भी निकोलस पूरन की आतिशी पारी जारी रही। उन्होंने दीपक चाहर की गेंद पर फाइन लेग पर छक्के के साथ सिर्फ 16 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इससे पहले की वो अपनी पारी को बड़ा बना पाते कार्बिन बॉश ने उन्हें अपना शिकार बना लिया। पूरन ने 63 रन (21 गेंद, आठ छक्के, एक चौका) की पारी खेली। बॉश ने इसी ओवर में मार्श को भी नमन के हाथों कैच कराकर सुपर जायंट्स को दोहरा झटका दिया।
एक बार फिर फेल रहे पंत
इस सीजन लगातार फॉर्म की तलाश में रहे ऋषभ पंत इस मुकाबले में भी कुछ खास नहीं कर पाए। पंत 15 रन बनाने के बाद जैक्स की गेंद पर रिकेल्टन के हाथों लपके गए। जल्द ही अक्षत रघुवंशी भी 11 रन बनाने के बाद रघु सिंह की गेंद पर आउट हो गए और लखनऊ का स्कोर पांच विकेट पर 160 रन हो गया।
हिम्मत सिंह ने कराई वापसी
हिम्मत सिंह ने धीमी शुरुआत के बाद गजनफर की गेंद पर लगातार गेंद पर छक्का और चौका जड़ा और फिर रघु पर चौके के साथ 17वें ओवर में टीम के स्कोर को 200 रन के पार पहुंचा दिया। हालांकि, मुंबई ने आखिरी 3 ओवर में वापसी की और लखनऊ को केवल 22 रन ही बनाने दिए। नतीजा लखनऊ की टीम 5 विकेट के नुकसान पर 228 रन ही बना सकी।
कार्बिन बॉश रहे सबसे सफल
मुंबई की ओर से कार्बिन बॉश सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 20 रन देकर दो विकेट चटकाए। अल्लाह गजनफर (50 रन पर एक विकेट), विल जैक्स (34 रन पर एक विकेट) और रघु शर्मा (36 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट चटकाया।
मुंबई इंडियंस की रिकॉर्ड शुरुआत
मुंबई इंडियंस की ओर से रोहित शर्मा और रियान रिकेल्टन ने शानदार शुरुआत की। दोनों ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 71 रन जोड़े। मुंबई इंडियंस ने केवल 5 ओवर में अपने 50 रन पूरे कर लिए थे।
रियान रिकेल्टन का एक और अर्धशतक
रियान रिकल्टन ने केवल 22 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 4 चौके और इतने ही छक्के लगाए। अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद भी रिकेल्टन और रोहित की पारी जारी रही। नतीजा मुंबई इंडियंस ने 8.1 ओवर में 100 रन का आंकड़ा पूरा कर लिया।
रोहित की धमाकेदार वापसी
इंजरी के बाद लौट रहे रोहित शर्मा ने अपनी वापसी को और भी शानदार बनाया और अर्धशतकीय पारी खेली। रोहित ने 27 गेंद में 3 चौके और 5 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया।
143 रन के स्कोर पर लगा झटका
मुंबई इंडियंस को पहला झटका 143 रन के स्कोर पर लगा। रियान रिकेल्टन 32 गेंद में 83 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 8 छक्के जड़े। रिकेल्टन को मोहसिन खान ने जोश इंग्लिस के हाथों कैच करवाया।
रोहित और तिलक की साझेदारी
रिकेल्टन के आउट होने के बाद भी रोहित शर्मा और तिलक वर्मा ने तेजी से रन बनाना जारी रखा। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए केवल 19 गेंद में 34 रन की पारी खेली। साझेदारी खतरनाक नजर आ रही थी, तभी रोहित शर्मा को एम सिद्धार्थ ने अपना शिकार बनाया। रोहित 44 गेंद में 84 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 7 छक्के जड़े।फेल रहे तिलक वर्मा
मुंबई तेजी से लक्ष्य के करीब पहुंच रही थी, तभी एम सिद्दार्थ ने तिलक वर्मा को आउट कर अपनी टीम को एक छोटी से उम्मीद दी। तिलक 13 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए। उसके बाद सूर्यकुमार यादव और नमन धीर ने 13 गेंद में 24 रन की साझेदारी की और अपनी टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया। उसके बाद विल जैक्स और नमन धीर ने 5वें विकेट के लिए नाबाद 16 रन की साझेदारी की और मुंबई को सबसे बड़ी जीत दिला दी।क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें MI Vs PBKS Today IPL Match छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
