क्रिकेट

ईशान ओम के पांच विकेट, भारत की अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 217 रन पर समेटा

ईशान ओम के पांच विकेट के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारत अंडर-19 ने चार दिवसीय युवा टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया को सस्ते में समेट दिया। जानिए कैसा रहा पहले दिन के खेल का हाल।

Image

ईशान ओम (फोटो क्रेडिट Saurashtra Cricket Association)

राजकोट: बाएं हाथ के स्पिनर ईशान ओम के पांच विकेट के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारत अंडर-19 ने चार दिवसीय युवा टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया को महज 217 रन पर समेट दिया। भारतीय टीम ने स्टंप तक एक ओवर बल्लेबाजी करके विकेट गंवाए बिना आठ रन बनाए, इससे पहली पारी के हिसाब से मेजबान टीम 209 रन से पीछे है। लक्ष्य रायचंदानी आठ रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे और दूसरे छोर पर सागर वीर्क मौजूद थे।

ब्लैक कैटल ने जड़ा ऑस्ट्रेलिया के लिए शतक, जेड हॉलिक ने अर्धशतक

मेहमान टीम के लिए ब्लैक कैटल ने 102 (198 गेंद, 14 चौके) रन की शतकीय पारी खेली और जेड हॉलिक (59) ने अर्धशतक जड़ा। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मैथ्यू लॉ का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला उल्टा पड़ गया क्योंकि मेहमान टीम ने 27 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। मोह‍ित उलवा (37 रन देकर तीन विकेट) ने पहले पांच ओवरों में दो विकेट जबकि ओम ने नील पटेल (11) को आउट किया। इससे भारत अंडर-19 टीम ने शुरू से ही दबदबा बना दिया। हॉलिक और कैटल ने चौथे विकेट के लिए 147 रन जोड़कर अपनी टीम को वापसी कराई।

217 रन पर ढेर हुई ऑस्ट्रेलियाई टीम, 45 रन पर गंवाए अंतिम 6 विकेट

हॉलिक हालांकि उलवा का तीसरा शिकार बने और 59 (160 गेंद, सात चौके) बनाकर आउट हुए। कैटल को यशवर्धन चौहान (56 रन देकर दो विकेट) ने क्लीन बोल्ड कर दिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम चार विकेट पर 174 रन के स्कोर से 87वें ओवर में 217 रन पर ऑल आउट हो गई जिसमें ओम ने 53 रन देकर पांच विकेट झटके।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article