Parvesh Verma Video: दिल्ली के तिलक नगर (Tilak Nagar slap incident) में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक स्थानीय युवक को थप्पड़ मारने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस दोनों ही भाजपा और दिल्ली सरकार पर हमलावर हो गई हैं। मामले में त्वरित कार्रवाई और प्रवेश वर्मा के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरी आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए दिल्ली आप अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bharadwaj detained) और विधायक कुलदीप कुमार (Kuldeep Kumar detained) समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाती, वे पीछे नहीं हटेंगे। दूसरी ओर, इस पूरे विवाद पर खुद PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी सफाई दी है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विकासपुरी रिंग रोड पर सड़क निर्माण का काम चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप विधायक जरनैल सिंह और उनके लोग PWD के इंजीनियर्स पर ठेकेदारों से कमीशन दिलवाने का दबाव बना रहे थे।
जब कमीशन नहीं मिला, तो वे बनी हुई सड़क को उखाड़कर वीडियो बनाते थे। प्रवेश वर्मा के अनुसार, जब उन्होंने निरीक्षण का काम देखा तो सब सही पाया, लेकिन मौके पर पहुंचे आप समर्थकों ने बदतमीजी की और उनके परिवार के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। मंत्री का दावा है कि उसी आवेश में आकर यह घटना घटी और कोई भी व्यक्ति अपने परिवार के अपमान पर ऐसा ही करता।
वहीं, इस थप्पड़ कांड के पीड़ित युवक ने मंत्री के दावों को झूठा करार दिया है। विधायक की सोशल मीडिया गतिविधियों को संभालने वाले पीड़ित ने बताया कि उन्हें PWD विभाग ने ही सड़क की स्थिति का जायजा लेने के लिए बुलाया था।
उसने जब मंत्री को सड़क की टूटती सतह दिखाई, तो वे गुस्से से आगबबूला हो गए और उन्होंने उस पर हाथ उठा दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मंत्री के साथ आए लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और यह सब पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुआ। पीड़ित पक्ष ने इस मामले में पुलिस के पास आधिकारिक एफआईआर दर्ज करवा दी है और मंत्री के निलंबन व माफी की मांग की है।
