साउथ अफ्रीका ने हाईस्कोरिंग वाले मैच में ऑस्ट्रेलिया को 32 रन से हरा दिया। ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 366 रन का विशाल लक्ष्य था, लेकिन साउथ अफ्रीका की सधी हुई गेंदबाजी के सामने मेहमान टीम 49.5 ओवर में 333 रन बनाकर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल मार्श और ट्रैविस हेड ने टीम को तेज शुरूआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए तेजी से 130 रन जोड़े। ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका मिचेल मार्श के रूप में लगा जो 84 रन की पारी खेलकर आउट हो गए। 191 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका लगा जब ट्रैविस हेड के रूप में उसकी आखिरी उम्मीद टूट गई। हेड 84 रन की पारी खेलकर आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से 30 ओवर की गेंदबाजी स्पिन गेंदबाजों ने की। एडेन मार्करम ने पूरे 10 ओवर की गेंदबाजी की और एक विकेट चटकाया। सर्वाधिक 3 विकेट लिजार्ड विलियम्स ने झटके। पारी के अंत में जेवियर बार्टलेट ने लड़ाई लड़ी और शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। लेकिन वह अपने टीम की हार को टाल नहीं पाए। बार्टलेट ने 28 गेंद में 50 रन की पारी खेली।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- दूसरे गियर में बैटिंग करने की चुनौती, वर्ल्ड कप में बस एक साल-मुझे पता है मेरा लक्ष्य-विराट
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डेविड मिलर के 93 गेंद में 142 और तेंबा बावुमा के 116 गेंद में 103 रन की पारी के दम पर 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 365 रन बनाए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 156(132) रन की साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जैक एडवर्ड्स ने सर्वाधिक 5 विकेट और जोश हेजलवुड ने 3 विकेट चटकाए। इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ने 3 मैच की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। साउथ अफ्रीका ने पहला वनडे 67 रन से अपने नाम किया था।
