Bank Strike: बैंक कर्मचारियों की सोमवार से प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार देर रात को हुई बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। IBA की ओर से यूनियनों की प्रमुख मांगों पर आगे बातचीत और समाधान का भरोसा दिए जाने के बाद हड़ताल टालने पर सहमति बनी।हड़ताल टलने से बैंकिंग सेवाओं पर पड़ने वाला तत्काल असर भी फिलहाल टल गया है।
UFBU ने यह हड़ताल सोमवार से शुरू करने का आह्वान किया था। अब जबकि हड़ताल स्थगित हो गई है तो सोमवार को बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे।
पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग पर समिति बनेगी
बैठक में बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही कुछ मांगों पर आगे बातचीत का रास्ता निकाला गया। यूनियन की प्रमुख मांगों में सभी शनिवार को बैंक अवकाश घोषित करना शामिल है। इस मुद्दे पर आगे की चर्चा के लिए IBA और UFBU की एक उच्च स्तरीय समिति तत्काल गठित की जाएगी। समिति इस मांग से जुड़े अलग-अलग विकल्पों पर विचार करेगी और सभी संबंधित पक्षों से बातचीत के बाद ऐसा समाधान तलाशेगी, जिसे ग्राहकों समेत सभी हितधारकों के लिए स्वीकार्य बनाया जा सके।PLI योजना में बदलाव पर भी होगी बातचीत
वहीं, स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजना को लेकर भी यूनियनों और बैंक अधिकारियों की आपत्तियां हैं। UFBU के अनुसार, इन आपत्तियों को दूर करने के लिए IBA के साथ बातचीत शुरू की जा सकती है। इसके बाद योजना में जरूरी संशोधन का प्रस्ताव सरकार के सामने भेजने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।
अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा
UFBU ने कहा कि 8 मार्च 2024 की कार्यवाही में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी दोनों पक्ष जल्द बातचीत करेंगे। इन मामलों का समाधान निकालने के लिए आगे की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी।
वित्त मंत्रालय ने की हड़ताल वापस लेने की अपील
इससे पहले, वित्त मंत्रालय ने इसी सप्ताह बैंक कर्मचारियों से हड़ताल पर नहीं जाने और लंबित मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझाने की अपील की थी। मंत्रालय का कहना था कि यूनियनों की ज्यादातर मांगों पर काफी हद तक समाधान हो चुका है और बाकी मांग पर विचार जारी है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि यूनियनों की प्रमुख मांगों में शामिल परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को इस महीने की शुरुआत में विस्तृत चर्चा के बाद फिलहाल रोक दिया गया है।
