DC vs SRH, Who Won Yesterday IPL Match, कल का मैच कौन जीता?: आईपीएल 2024 के 35वें मुकाबले में अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आतिशी भिड़ंत हुई। मैच में टॉस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया और सनराइजर्स हैदराबाद को बल्लेबाजी का न्यौता दिया। दिल्ली के इस फैसले को हैदराबाद के बल्लेबाजों ने गलत साबित करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 266 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। जिसके जवाब में 267 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम 19.1 ओवर में 199 रन पर ढेर हो गई और 67 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। इस मैच में जीत के बाद हैदराबाद की टीम अंक तालिका में पांच जीत के बाद दूसरे पायदान पर काबिज हो गई है। जानिए कैसा रहा दिल्ली और हैदराबाद के बीच मैच का हाल?
दिल्ली कैपिटल्स ने जीता टॉस:
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
हैदराबाद को हेड-अभिषेक ने दी आतिशी शुरुआत:
पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने आतिशी शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने 2.4 ओवर में हैदराबाद को 50 रन के पार पहुंचा दिया।
हेड ने जड़ा 16 गेंद में पचासा, बना पॉवरप्ले में नया रिकॉर्ड
इसके बाद जल्दी ही 16 गेंद पर हेड ने 7 चौके और 4 छक्के की मदद से अर्धशतक पूरा कर लिया। पॉवरप्ले के पांच ओवर में ही हैदराबाद ने 103 रन का स्कोर बगैर किसी नुकसान के खड़ा कर लिया था। इसके बाद 6 ओवर में 125 रन इन दोनों ने जड़कर आईपीएल के पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया।
पॉवरप्ले के समाप्त होने के बाद भी हैदराबाद की आतिशी बल्लेबाजी जारी रही। लेकिन सातवें ओवर की दूसरी ही गेंद पर अभिषेक शर्मा को कुलदीप यादव ने अक्षर पटेल के हाथों शानदार तरीके से कैच कराकर चलता कर दिया। अभिषेक ने 12 गेंद में 46 रन की आतिशी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 6 छक्के जड़े। अभिषेक के आउट होने के बाद इसी ओवर की आखिरी गेंद पर एडेन मार्करम भी अक्षर पटेल के हाथों कुलदीप की गेंद पर लपके गए। वो एक रन बना सके।
कुलदीप ने कराई दिल्ली की वापसी, हेड शतक से चूके
जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवाने के बाद भी हैदराबाद के रनों की रफ्तार नहीं रुकी। ट्रेविस हेड चौकों छक्कों की बारिश करते रहे। उन्होंने 8.4 ओवर में ही दिल्ली को 150 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन इसके बाद अपना लगातार दूसरा शतक पूरा करने से चूक गए। 154 के स्कोर पर हेड 32 गेंद में 89 रन की पारी खेलकर कुलदीप यादव की गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों लपके गए। 9 ओवर में हैदराबाद का स्कोर 3 विकेट पर 154 रन हो गया और रनों की रफ्तार थोड़ी थमती दिखी। ऐसे में 10वें ओवर की पहली गेंद पर हेनरिक क्लासेन भी चलते बने। अक्षर पटेल ने उन्हें बोल्ड कर दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल सके।
रेड्डी-शाहबाज ने पहुंचाया 200 के पार
154 रन पर 4 विकेट गंवाने के बाद हैदराबाद का मोर्चा नीतीश कुमार रेड्डी और शाहबाज अहमद ने संभाला। दोनों प्लेयर्स ने पांचवें विकेट के लिए 67 (47) रन की साझेदारी करके हैदराबाद को 14.5 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। ऐसे में कुलदीप यादव ने नीतीश रेड्डी को वॉर्नर के हाथों कैच कराकर चौथा विकेट अपने नाम किया। नीतीश 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 2 छक्के जड़े।
शाहबाज ने जड़ा अर्धशतक
नीतीश के आउट होने के बाद एक छोर शाहबाज संभाले रहे और उन्होंने अपना अर्धशतक 28 गेंद में 2 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। अब्लुद समद ने 8 गेंद में 13 रन बनाकर थोड़ी देर अहमद का साथ दिया। लेकिन उन्हें मुकेश कुमार ने पवेलियन वापस भेज दिया। कप्तान पैट कमिंस 20वें ओवर की चौथी गेंद पर रन आउट हो गए। शाहबाज अंत में 29 गेंद में 59 रन बनाकर नाबाद रहे। अंत में हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 266 का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। कुलदीप यादव दिल्ली के सबसे सफल गेंदबाज रहे उन्होंने 4 ओवर में 55 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं एक-एक सफलता मुकेश कुमार और अक्षर पटेल को मिली।
खराब रही दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत
जीत के लिए 267 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली के लिए पारी की शुरुआत करने पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर की जोड़ी उतरी। पृथ्वी ने पारी की पहली चार गेंदों पर चौके जड़कर शानदार शुरुआत की आस जगाई। लेकिन पांचवीं गेंद पर ही वो वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर अब्दुल समद के हाथों लपके गए। पृथ्वी 5 गेंद पर 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर डेविड वॉर्नर को भुवनेश्वर कुमार ने पैट कमिंस के हाथों कैच कराकर हैदराबाद को दूसरी सफलता दिलाई।
मेगर्क और पोरेल ने कराई दिल्ली की वापसी
2 ओवर में 25 रन पर 2 विकेट गंवाने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम बैकफुट पर नजर आ रही थी। ऐसे में युवा कंगारू बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैगर्क और अभिषेक पोरेल ने मोर्चा संभाला और आतिशी बल्लेबाजी शुरू कर दी। दोनों ने मिलकर दिल्ली को 3 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया और तीसरे विकेट के लिए 17 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली। दोनों ने बल्लेबाजों ने आतिशी रवैया बरकरार रखते हुए दिल्ली को पॉवरप्ले के 6 में 2 विकेट पर 88 रन तक पहुंचा दिया।
मेगर्क ने जड़ा 15 गेंद में अर्धशतक
ऐसे में मैगर्क ने अपने शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए 15 गेंदों में आईपीएल 2024 का सबसे तेज अर्धशतक अपने नाम कर लिया। मैगर्क ने 5 चौके और 5 छक्के जड़े। 6.4 ओवर में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 100 रन के पार पहुंच गई। लेकिन इसी ओवर की आखिरी गेंद पर मैगर्क मयंक मार्कंडे की गेंद पर विकेट के पीछे हेनरिक क्लासेन के हाथों लपके गए। उन्होंने 18 गेंद में 65 रन की आतिशी पारी खेली। इस दौरान 5 चौके और 7 छक्के भी जड़े। उनके आउट होते ही स्कोर 7 ओवर में 3 विकेट पर 109 रन हो गया।
पोरेल अर्धशतक से चूके
मैगर्क के आउट होने के बाद अभिषेक पोरेल को दूसरे छोर से ट्रिस्टन स्टब्स का साथ मिला लेकिन पोरेल को मयंक मार्केंडे ने चालाकी से व्हाइट गेंद पर स्टंपिंग कराकर आउट कर दिया। पोरेल ने 22 गेंद में 42 रन बनाए। पोरेल जब आउट हुए तब दिल्ली का स्कोर 8.4 ओवर में 4 विकेट पर 135 रन था।
पंत को नहीं मिला दूसरे छोर से साथ
पोरेल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने ऋषभ पंत उतरे। पंत को स्टब्स का साथ ज्यादा देर नहीं मिला। दिल्ली को 11.5 ओवर में 150 रन के पार पहुंचाने के बाद स्टब्स नीतीश रेड्डी की गेंद पर लपके गए। 12.2 ओवर में 154 के स्कोर पर दिल्ली की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी और कप्तान ऋषभ पंत के रूप में आखिरी बड़ी आस बची थी। ऐसे में थोड़ी देर पंत का साथ ललित यादव ने और थोड़ी देर अक्षर पटेल ने दिया और 18 ओवर में दिल्ली को 7 विकेट पर 199 रन तक पहुंचाया।
नटराजन ने झटके ओवर में तीन विकेट
लेकिन 19वें ओवर में टी नटराजन ने विकेटों की झड़ी लगा दी और पांच गेंद में तीन विकेट अपने नाम करके 9 विकेट पर 199 रन पर ला पटका। 20वें ओवर की पहली गेंद पर ऋषभ पंत भी नीतीश रेड्डी की गेंद पर नटराजन के हाथों लपके गए। वो 35 गेंद में 44 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे। दिल्ली की टीम 19.1 ओवर में 199 रन पर ढेर हो गई। हैदराबाद के लिए सबसे सफल गेंदबाज टी नटराजन रहे उन्होंने 19 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। 2-2 सफलता मयंक मार्कंडे और नीतीश कुमार रेड्डी को मिली। वहीं एक-एक विकेट वॉशिंगटन सुंदर और भुवनेश्वर कुमार के खाते में गया।
