क्रिकेट

IPL 2024: 22 वर्षीय जैक फ्रेजर-मैगर्क ने रचा इतिहास, जड़ा सीजन का सबसे तेज अर्धशतक

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 20, 2024, 10:49 PM IST

Jake Fraser Mcgurk Fastest Fifty in IPL 2024: पहली बार आईपीएल में खेल रहे 22 वर्षीय कंगारू बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैगर्क ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शनिवार को खेले गए मुकाबले में सीजन का सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

Image

जैक फ्रेजर मेगर्क(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • जैक फ्रेजर मैगर्क ने जड़ा आईपीएल 2024 का सबसे तेज अर्धशतक
  • बने दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले प्लेयर
  • हैदराबाद के खिलाफ खेली 18 गेंद में 65 रन की आतिशा पारी

Fastest Fifty in IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल 2024 में खेल रहे 22 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैगर्क ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत के लिए 267 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इतिहास रच दिया। शनिवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में फ्रेजर ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए महज 15 गेंद में अर्धशतक 5 चौके और 5 छक्के की मदद से पूरा किया। इसके साथ ही ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़कर आईपीएल 2024 में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले प्लेयर भी बन गए।

6.4 ओवर में दिल्ली को पहुंचाया 100 रन के पार

पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर पृथ्वी शॉ के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए जैक फ्रेजर मैगर्क ने पिच पर आते ही आतिशी बल्लेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने देखते ही देखते दिल्ली कैपिटल्स को 2 विकेट गंवाने के बावजूद 2.4 ओवर में पचास रन के पार पहुंचा दिया। तीसरे विकेट के लिए उन्होंने अभिषेक पोरेल के साथ 17 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की और इसके बाद 6.4 ओवर में दिल्ली को 100 रन के पार पहुंचा दिया। इससे पहले उन्होंने अपना अर्धशतक भी 15 गेंद में पूरा कर लिया था।

361 के स्ट्राइक रेट से बनाए फ्रेजर ने रन

फ्रेजर सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर 18 गेंद पर 65 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे। उन्होंने 361.11 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए पारी के दौरान 5 चौके और 7 छक्के जड़े। फ्रेजर जब पवेलियन लौटे तब दिल्ली ने 7 ओवर में 3 विकेट पर 109 रन बना लिए थे।

नहीं तोड़ पाए यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड

आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम दर्ज है। यशस्वी ने पिछले सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 13 गेंद में अर्धशतक जड़ा था। यशस्वी के बाद दूसरे पायदान पर केएल राहुल और पैट कमिंस हैं। राहुल ने पंजाब के लिए खेलते हुए और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2018 में आईपीएल का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। राहुल की बराबरी पर भी पैट कमिस हैं जिन्होंने साल 2022 में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ अर्धशतक 14 गेंद में पूरा किया था।

जड़ा दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक

दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड अब फ्रेजर मैगर्क के नाम दर्ज हो गया है। उन्होंने इस मामले में क्रिस मॉरिस को पीछे छोड़ा। मॉरिस ने 17 गेंद में दिल्ली के लिए आईपीएल में पचासा जड़ा था। इस सूची में तीसरे पायदान पर पृथ्वी शॉ और ऋषभ पंत हैं। ये दोनों 18-18 गेंद में दिल्ली कैपिटल्स के लिए अर्धशतक आईपीएल में जड़ चुके हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article