Most Sixes by team in an IPL Innings: पैट कमिंस की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम नया इतिहास रचने में जुटी है। विश्व चैंपियन कप्तान के कमान संभालते ही टीम का चाल, चरित्र और चेहरा पूरी तरह बदल गया है जो फैन्स को बहुत रास आ रहा है। सनराइजर्स के बल्लेबाज आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए हर दिन अपने ही बनाए रिकॉर्ड तोड़ने में जुटे हैं। शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हैदराबाद ने एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के अपने ही पांच दिन पहले आरसीबी के खिलाफ बनाए रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
हैदराबाद ने दिल्ली के खिलाफ जड़े 22 छक्के
हैदराबाद ने अपने आतिशी अंदाज को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जारी रखते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 266 रन का स्कोर खड़ा किया। इस दौरान हैदराबाद के बल्लेबाजों ने 22 छक्के जड़े। हैदराबाद के लिए 6-6 छक्के ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने जड़े। इसके अलावा 5 छक्के शाहबाद अहमद ने लगाए। हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी ने 2-2 छक्के जड़े। वहीं एक छक्का अब्दुल समद के बल्ले से निकला।
आरसीबी के खिलाफ भी लगाई थी छक्कों की झड़ी
आरसीबी के खिलाफ हैदराबाद ने 3 विकेट पर 287 रन का स्कोर खड़ा किया था। जो कि आईपीएल इतिहास में एक टीम द्वारा बनाया सबसे बड़ा स्कोर था। इस दौरान हैदराबाद के बल्लेबाजों ने 22 छक्के जड़कर आरसीबी का साल 2013 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ मुकाबले में बनाया 21 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा था। जो रिकॉर्ड हैदराबाद ने 11 साल में तोड़ा था उसी रिकॉर्ड की आश्चर्यजनक रूप से 5 दिन बाद ही बराबरी कर ली।
हैदराबाद बनी ऐसा करने वाली दूसरी टीम
सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल इतिहास में एक मैच में 20 या उससे ज्यादा छक्के तीन बार जड़ने वाली लीग के इतिहास की दूसरी टीम बन गई है। उनसे पहले आरसीबी ने दो बार ये कारनामा किया था। हैदराबाद ने पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 2013 में 21 और गुजरात लॉयंस के खिलाफ 20 छक्के जड़े थे।
