आईपीएल 2024 के एक और अजब-गजब मुकाबले में बुधवार रात दिल्ली कैपिटल्स ने जीत दर्ज की। जहां एक तरफ तमाम मुकाबलों में रनों की बारिश हो रही है, वहीं इस आईपीएल मैच में बेहद कम रन बने और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस को 6 विकेट से करारी मात देकर लगातार अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
इंडियन प्रीमियर लीग के बुधवार को खेले गए 32वें मुकाबले में ऋषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स ने शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटन्स को उसके घर पर 6 विकेट के अंतर से मात दी। लो स्कोरिंग मैच में दिल्ली ने गुजरात को पहले सस्ते में ढेर किया इसके बाद जीत के लिए मिले 90 रन के लक्ष्य को 6 विकेट रहते 8.5 ओवर में हासिल कर लिया।
दिल्ली ने जीता टॉस:
दिल्ली कैपिटल्स ने बुधवार को खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
खराब रही गुजरात की शुरुआत:
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटन्स के बल्लेबाजों का हाल दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों ने बेहाल कर दिया। गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान शुभमन गिल दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर 8 रन बनाकर पृथ्वी शॉ के हाथों लपके गए। इसके बाद दूसरे ओपनर रिद्धिमान साहा भी चौथे ओवर की पांचवीं गेंद पर मुकेश कुमार की गेंद पर 2 रन बनाकर बोल्ड हो गए। इसके बाद तीसरे नंबर बल्लेबाजी करने आए साई सुदर्शन पांचवें ओवर की पहली गेंद पर 12(9) रन बनाकर रन आउट हो गए। 4.1 ओवर में गुजरात का स्कोर 3 विकेट पर 28 रन हो गया था।
पॉवरप्ले में गुजरात का हाल हुआ बेहाल:
सुदर्शन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने अभिनव मनोहर उतरे लेकिन दूसरे छोर पर खड़े डेविड मिलर इशांत शर्मा की गेंद पर पंत के हाथों लपके गए। उन्होंने 2(6) रन बनाए। 5 ओवर में गुजरात का स्कोर 30 रन पर 4 विकेट हो गया। यही स्कोर पॉवरप्ले के खत्म होने के बाद भी रहा।
48 रन पर गुजरात ने गंवाए 6 विकेट:
सस्ते में 4 विकेट गंवाने के बाद गुजरात की हालत खस्ता हो गई। ऐसे में अभिनव मनोहर भी दबाव में बिखर गए गुजरात को पांचवां झटका 47 के स्कोर पर लगा। इसके बाद अगली ही गेंद पर शाहरुख खान भी पहली ही गेंद पर स्टब्स की गेंद पर स्टंपिंग हो गए। 8.4 ओवर में 6 विकेट पर 48 रन गुजरात का स्कोर हो गया।
नहीं चला राहुल तेवतिया के बल्ले का जादू:
6 विकेट गंवाने के बाद गुजरात की अंतिम आस राहुल तेवतिया बचे। उन्हें दूसरे छोर से राशिद खान का साथ मिला। लेकिन तेवतिया भी 66 के स्कोर पर अक्षर पटेल की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए। ऐसे में राशिद खान ने एक छोर संभाला और स्कोर को बढ़ाने की कोशिश की लेकिन दूसरे छोर से उन्हें साथ नहीं मिला। मोहित शर्मा 78 के स्कोर पर खलील अहमद की गेंद पर कैच दे बैठे।
राशिद खान रहे गुजरात के सबसे सफल बल्लेबाज:
इसके बाद 88 के स्कोर राशिद खान भी धराशाई हो गई। मुकेश कुमार ने उन्हें विकेट के पीछे पंत के हाथों कैच करा दिया। राशिद गुजरात के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने 24 गेंद में 31 रन बनाए। इसके बाद मुकेश ने नूर अहमद को बोल्ड करके गुजरात की टीम को 17.3 89 रन पर समेट दिया। मुकेश गुजरात के सबसे सफल गेंदबाज रहे उन्होंने 2.3 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं 2-2 सफलता इशांत शर्मा और ट्रिस्टन स्टब्स को मिली।
दिल्ली की भी खराब रही शुरुआत
जीत के लिए 90 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को पृथ्वी शॉ और जैक फ्रेजर मेगर्क ने तेज शुरुआत दी। दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर जैक फ्रेजर मेगर्क 10 गेंद में 20 रन की पारी खेलकर स्पेंसर जॉनसन की गेंद पर अभिवन मनोहर के हाथों लपके गए। इसके बाद पृथ्वी शॉ 7(6) रन बनाकर संदीप वॉरियर की गेंद पर जॉनसन के हाथों लपके गए और दिल्ली का स्कोर 31 रन पर 2 विकेट हो गया।
पंत-सुमित ने दिलाई जीत:
ऐसे में अभिषेक पोरेल और साई होप ने पारी को आगे बढ़ाया और 4.2 ओवर में टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। लेकिन इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक पोरेल 15(7) रन बनाकर कैच दे बैठे। इसके बाद साई होप भी 19(10) रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर कैच दे बैठे। ऐसे में अंत में ऋषभ पंत ने 16(11) और सुमित कुमार 9(9) ने टीम को जीत की दहलीज पार करा दी।
मैन ऑफ द मैच:
कप्तान ऋषभ पंत को उनकी शानदार विकेटकीपिंग, कप्तानी और बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
