क्रिकेट

Asian Games Cricket: भारत के साथ फाइनल खेलने का सपना हुआ चूर-चूर, श्रीलंका ने पाकिस्तान को मात देकर मेडल किया पक्का

श्रीलंका ने पाकिस्तान का सपना चकनाचूर कर दिया है। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से मात देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। साथ ही देश के लिए एक मेडल भी पक्का कर लिया है। दूसरे सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से है।

Image

श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया। फोटो- ACC

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियन गेम्स के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका ने दो विकेट गंवाकर 17.5 ओवर में मैच अपने नाम कर लिया।

Women Asian Games 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मैच की पहली ही गेंद पर सुगंदिका कुमारी ने गुल फिरोज को क्लीन बोल्ड कर चमारी अटापट्टू के फैसले को सही साबित किया। हालांकि, इसके बाद सायरा जबीन और जुल्फिकार ने दूसरे विकेट के लिए 31 गेंद पर 34 रन की की साझेदारी कर टीम को वापसी करने का मौका दिया।

जुल्फिकार और आयशा ने जड़े अर्धशतक

जबीन 14 रन बनाकर आउट हुईं। तीसरे विकेट के लिए जुल्फिकार और आयशा जफर के बीच शतकीय साझेदारी हुई। दोनों ने मिलकर 70 गेंद पर 115 रन जोड़े। यहां से लगा कि पाकिस्तान ने मैच में पकड़ बना ली है। जुल्फिकार 54 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, आयशा जफर 71 रन बनाकर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुईं। कप्तान फातिमा सना ने तेज खेलते हुए नाबाद 20 रन की पारी खेल टीम को 170 के पार पहुंचाया।

चमारी अटापट्टू की कप्तानी पारी

178 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ने ठोस शुरुआत की। कप्तान चमारी अटापट्टू और इमेशा दुलानी ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े। दुलानी 27 रन बनाकर आउट हुईं। दूसरे विकेट के लिए हसिनी परेरा के साथ अटापट्टू ने 56 गेंद पर 95 रन की साझेदारी की। इस दौरान कप्तान ने अपना अर्धशतक पूरा किया। परेरा अपने अर्धशतक से 8 रन दूर रह गईं। वह 26 गेंद पर 42 रन बनाकर आउट हुईं।

पाकिस्तान का सपना टूटा

दूसरे छोर पर कप्तान डटी रहीं और टीम को अंत में जीत दिलाकर नाबाद लौटीं। उन्होंने हर्षिता समरविक्रमा (नाबाद 17) के साथ 47 रन की नाबाद साझेदारी की। चमारी 50 गेंद पर 7 चौके और 6 छक्कों की मदद से 83 रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रीलंका ने 17.5 ओवर में टारगेट हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, पाकिस्तान का फाइनल खेलने का सपना तोड़ दिया।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article