India vs Indonesia Hockey Asian Games: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की है। पूल A के पहले मैच में भारत ने इंडोनेशिया को 13-1 से रौंद दिया। इस जीत के हीरो रहे दिलप्रीत सिंह, जिन्होंने 4 गोल दागे। रविवार को खेले गए मैच में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। 5वें मिनट में शीलानंद लाकड़ा ने गोल कर भारत को 1-0 से आगे किया। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने मैच का रुख ही बदल दिया। पहले उन्होंने 12वें मिनट में अभिषेक के लिए शानदार कट-बैक दिया और अभिषेक ने खाली नेट में गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।
दिलप्रीत सिंह ने किए 4 गोल
इसके बाद दिलप्रीत खुद स्कोरर बने और 18वें मिनट में सुमित और अभिषेक की मदद से उन्होंने पहला गोल किया। वहीं एक मिनट बाद ही रंजीत के पास पर दूसरा गोल दाग दिया। 19वें मिनट में राजिंदर सिंह और 21वें मिनट में मनदीप सिंह ने गोल कर स्कोर 6-0 कर दिया। 28वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला और हाफ टाइम तक भारत 7-0 से आगे था।
दूसरे हाफ में इंडोनेशिया ने 33वें मिनट में अल अर्ध औलिया के गोल से खाता खोला, लेकिन भारत ने 5 मिनट में 3 गोल दागकर जवाब दिया। शीलानंद ने 35वें मिनट में, दिलप्रीत ने 37वें मिनट में हैट्रिक पूरी की और सुखजीत ने 38वें मिनट में गोल किया। इसके बाद सुखजीत ने 46वें और 48वें मिनट में दो और गोल किए और दिलप्रीत ने 49वें मिनट में अपना चौथा गोल दागकर स्कोर 13-1 कर दिया।
श्रीलंका से है अगला मैच
भारत का अगला मैच मंगलवार को श्रीलंका से है। अगर भारत इस बार गोल्ड जीतता है तो उसे लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए सीधा क्वालिफिकेशन मिल जाएगा। भारत 8 बार का ओलंपिक चैंपियन और 4 बार का एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट है। पिछले हांगझोउ एशियन गेम्स में भी भारत ने जापान को 5-1 से हराकर गोल्ड जीता था।
